सेंसेक्स 1248 और निफ्टी 384 अंक गिरा:अमेरिकी बॉन्ड पर ज्यादा ब्याज मिलने से विदेशी निवेशक पैसा निकाल रहे, महंगा कच्चा तेल भी वजह

शेयर बाजार में आज यानी 24 सितंबर को गिरावट रही। सेंसेक्स 1248 अंक या 1.67% गिरकर 73,581 पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 384 अंक या 1.64% की गिरावट रही। ये 23,063 पर आ गया। बैंकिंग, मेटल और ऑटो शेयर्स में सबसे ज्यादा बिकवाली रही।
बाजार गिरने की 3 बड़ी वजह
1. कच्चा तेल फिर 100 डॉलर के पार
ब्रेंट क्रूड करीब 102 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया। ईरान-अमेरिका तनाव और होर्मुज स्ट्रेट को लेकर चिंता से तेल की सप्लाई प्रभावित होने का डर है। महंगा तेल भारत के लिए चिंता है, क्योंकि इससे तेल आयात का खर्च, महंगाई और रुपए पर दबाव बढ़ सकता है।
2. अमेरिका में बॉन्ड पर ज्यादा रिटर्न मिलने लगा
अमेरिका में बॉन्ड यील्ड बढ़ना निवेशकों की चिंता बढ़ा रहा है। 10-साल की अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड बढ़कर 5.11% पर पहुंच गई है जो 2007 के बाद का उच्चतम स्तर है।
बॉन्ड यील्ड किसी सरकारी बॉन्ड पर मिलने वाला सालाना रिटर्न है, जिसे कोई एक संस्था या सरकार सीधे तय नहीं करती, बल्कि यह बाजार में खरीद-बिक्री और मांग-आपूर्ति से तय होती है। जब निवेशक बॉन्ड बेचते हैं तो बॉन्ड की कीमत घटती है और यील्ड (रिटर्न) बढ़ जाती है।
अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दर नीतियां और महंगाई इसे सबसे ज्यादा प्रभावित करती हैं। इस यील्ड के बढ़ने से डॉलर में निवेश ज्यादा आकर्षक हो जाता है, जिससे विदेशी निवेशक भारत जैसे उभरते बाजारों से पैसा निकालकर अमेरिका में लगाने लगते हैं।
3. इंश्योरेंस नियमों में बदलाव की चिंता
IRDAI के प्रस्तावित बदलावों से इंश्योरेंस कंपनियों की कमाई घट सकती है। इसका असर इंश्योरेंस बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों पर दिखा। इंश्योरेंस कंपनी PB फिनटेक करीब 10% तक गिर गया, जबकि एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस और बजाज फिनसर्व भी दबाव में रहे।
निवेशकों की वेल्थ 4 लाख करोड़ रुपए घटी
भारतीय शेयर बाजार में आई तेज बिकवाली से निवेशकों की वेल्थ 4 लाख करोड़ रुपए घट गई है। कल जब बाजार बंद हुआ था, तब BSE में लिस्टेड सभी कंपनियों का कुल मार्केट कैप 485 लाख करोड़ रुपए था, जो आज घटकर 481 लाख करोड़ रुपए पर आ गया।
बाजार की गिरावट में क्या करें निवेशक?
- पैनिक सेलिंग से बचें: बाजार का गिरना और उठना सामान्य बात है। घबराहट में आकर सस्ते दाम पर शेयर बेचने से आपको बड़ा घाटा हो सकता है।
- पोर्टफोलियो रीबैलेंस करें: गिरावट के समय अपने निवेश को दोबारा सेट करें। इस दौरान मजबूत फंडामेंटल वाली अच्छी कंपनियों के शेयर सस्ते में खरीदने का मौका मिल सकता है।
- लंबी अवधि का नजरिया रखें: बाजार के शॉर्ट टर्म उतार-चढ़ाव पर ध्यान न देकर अपने लॉन्ग टर्म लक्ष्यों पर टिके रहें। जो निवेशक लंबे समय तक टिके रहते हैं, वे बेहतर रिटर्न कमाते हैं।
ए-वन स्टील्स और मनीव्यू के IPO आज से ओपन
ए-वन स्टील्स और मनीव्यू के IPO आज से ओपन हो गए हैं। निवेशक इनमें 28 सितंबर तक बोली लगा सकेंगे। ए-वन स्टील्स इस IPO के जरिए 405 करोड़ रुपए और मनीव्यू 1,091.68 करोड़ रुपए जुटाना चाहती है।
















































