मंदसौर

Mandsaur News: कुचड़ौद में नाली का पानी सड़क पर, फिसल रहे बाइक सवार, निकासी करने की मांग

Mandsaur News: मंदसौर जिले के कुचड़ौद गांव के पीपल चौक से सेमलिया काजी मार्ग पर नाली का पानी सड़क पर बहने से हादसों का सिलसिला बढ़ गया है। लगातार जलभराव के कारण रोज 1 से 2 बाइक सवार फिसलकर घायल हो रहे हैं। गांव में नाली का पानी सड़क पर बहने से आने वाले समय में बड़ा हादसा होने का डर तो सता ही रहा है, साथ ही साथ लोगों को स्वास्थ्य से संबंधित समस्याएं भी हो सकती हैं।

शनिवार सुबह भानपुरा निवासी अमरू अपनी साली राधाबाई के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान पानी भरी सड़क पर बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में राधाबाई के कूल्हे व पैर तथा अमरू के घुटने में चोट आई। ग्रामीणों ने बताया कि समस्या लंबे समय से है। कई बार शिकायत के बावजूद ग्राम पंचायत और संबंधित विभाग ने स्थायी समाधान नहीं किया। ग्रामीणों के अनुसार ताल-बड़वन मार्ग निर्माण के दौरान पुरानी सड़क के ऊपर दोबारा आरसीसी बना दी गई। इससे सेमलिया काजी मार्ग करीब 10 इंच नीचे रह गया। इसी कारण नाली का पानी सड़क पर फैल रहा है। ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी और ग्राम पंचायत से पानी निकासी की व्यवस्था कर दुर्घटनाएं रोकने की मांग की है।

जल्द किया जाएगा समस्या का समाधान

पंचायत सचिव प्रहलाद वर्मा ने बताया कि विभागीय अधिकारियों ने निरीक्षण कर लिया है और जल्द समाधान कराया जाएगा। बता दें कि नाली का पानी सड़कों पर बहाने से आमजन को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button