पेट्रोल-डीजल के बाद गैस की कीमतों में हुई बढ़ोतरी, CNG दो रुपये हुई महंगी; आम जनता की जेब पर महंगाई की दोहरी मार

दिल्ली-एनसीआर के लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। पेट्रोल और डीजल (Petrol Diesel Price Hike) की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अब सीएनजी के दाम (CNG Price Hike) भी बढ़ा दिए गए हैं। नई कीमतों के अनुसार दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम समेत आसपास के इलाकों में सीएनजी अब 2 रुपए प्रति किलो महंगी मिलेगी।
गैस कंपनियों पर बढ़ा आयात लागत का दबाव
भारत अपनी जरूरत की 50 प्रतिशत से अधिक प्राकृतिक गैस आयात करता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की मांग बढ़ने और आपूर्ति में कमी के कारण गैस कंपनियों की खरीद लागत लगातार बढ़ रही है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) और महानगर गैस लिमिटेड (एमजीएल) जैसी कंपनियों का कहना है कि बढ़ी हुई लागत का असर अब ग्राहकों तक पहुंचाना मजबूरी बन गया है।
दिल्ली-एनसीआर और मुंबई में बढ़े दाम
दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी आपूर्ति की जिम्मेदारी इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) के पास है। वहीं मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई और एमएमआर क्षेत्र में महानगर गैस लिमिटेड (MGL) सेवाएं देती है।
एमजीएल ने एक दिन पहले मुंबई क्षेत्र में सीएनजी की कीमत 2 रुपए प्रति किलो बढ़ाकर 84 रुपए प्रति किलो कर दी थी। इसके बाद से ही माना जा रहा था कि आईजीएल भी जल्द दाम बढ़ा सकती है। अब दिल्ली-एनसीआर में भी कीमतें बढ़ा दी गई हैं।
अमेरिका-ईरान तनाव का असर
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर वैश्विक ऊर्जा बाजार पर भी दिखाई दे रहा है। हॉर्मुज स्ट्रेट से आवाजाही प्रभावित होने के कारण कच्चे तेल और गैस की सप्लाई पर दबाव बढ़ा है। दुनिया के लगभग 20 प्रतिशत तेल और गैस निर्यात का रास्ता इसी स्ट्रेट से होकर गुजरता है।
ऊर्जा कीमतों में बढ़ोतरी के बीच केंद्र सरकार ने हाल ही में कहा था कि देश में पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त भंडार मौजूद है और घरेलू एलपीजी की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है।
पेट्रोल-डीजल कितना हुआ महंगा (Petrol Diesel New Rate)
पेट्रोल के दाम में प्रति लीटर 3.14 रुपये की वृद्धि हुई है, जिससे अब यह बढ़कर 97.77 रुपये हो गई है। इसी तरह, डीजल 3.11 रुपये प्रति लीटर महंगा होकर 90.67 रुपये पहुंच गया है।






























