मंदसौर

Mandsaur News: नालछा माता नहीं, अब शहर के पास बनेगा तीसरा बस स्टैंड, ग्रीन बेल्ट से बाहर होंगी सरकारी जमीनें

Mandsaur News: मंदसौर शहर के मास्टर प्लान ड्राफ्ट 2041 में आई 684 आपत्तियों के बाद सुधार वाले बिंदुओं पर काम जारी है। शहरी सीमा से करीब 8 किमी दूर नालछा माता क्षेत्र में प्रस्तावित बस स्टैंड भी अब सिटी के नजदीक शिफ्ट होगा। यह शहर का तीसरा बस स्टैंड रहेगा। इसकी दूरी पर लगातार सवाल खड़े हुए थे। ऐसे में अब बदलाव तय माना जा रहा है।

वहीं पुलिस महकमे समेत अन्य विभागों की सरकारी जमीन को ग्रीन बेल्ट में दर्शाने के बाद अब सुधार जारी है। गड़बड़ियों को दुरुस्त किया जा रहा है। ड्राफ्ट शासन को भेजने से पहले लगभग 12 से 15 फीसदी प्लान में बदलाव तय माना जा रहा है। अप्रैल माह में टीएनसीपी यह ड्राफ्ट प्लान शासन को भेजेगी और उसके बाद धारा 19 (2) में अंतिम प्रकाशन के चलते एक बार दावे-आपत्ति का अवसर मिलेगा।

मंदसौर शहर में अंतिम बार साल 2002-03 में ही मास्टर प्लान लागू हो पाया था। इसकी अवधि 2012 तक रही। उसके बाद से प्लान वाले ड्राफ्ट टाले गए व लगातार शून्य घोषित हुए। अंतिम बार 2035 का ड्राफ्ट बना था जो शून्य घोषित हुआ। उसके बाद से 2041 के ड्राफ्ट पर काम हुआ। इसमें मंदसौर शहरी सीमा व आसपास की पंचायतों से मिलाकर 684 दावे-आपत्ति आए थे। जिनके आधार पर ड्राफ्ट में जरूरी बदलाव हो रहे हैं।

ड्राफ्ट ऑन प्रोसेस है और सूची पर हो रहा है काम

विनीता दृश्यामकर, प्रभारी अधिकारी टीएनसीपी, मंदसौर-नीमच ने कहा कि मास्टर प्लान 2041 ड्राफ्ट की आपत्तियों वाले विषय ऑन प्रोसेस हैं और सूची पर काम हो रहा है। फिलहाल टीएनसीपी जिला कार्यालय नीमच में पेंडिंग है, इसमें जनता के अलावा समिति सदस्यों के सुझाव वाले बिंदु भी हैं। सुधार के लिए अप्रैल तक का समय है, इसके बाद भोपाल भेजेंगे। वहां शासन 19 (2) में सुनवाई का अक्सर भी देगा, उसके बाद ही निर्णय होगा।

टीएनसीपी से नगरीय प्रशासन ड्राफ्ट जाएगा, अंत में शासन लेगा निर्णय

टीएनसीपी दफ्तर में जरूरी औपचारिकताओं के बाद 2041 का ड्राफ्ट नगरीय प्रशासन मंत्रालय के पास जाएगा। वहां से शासन 19 (2) के तहत फिर से दावे-आपत्ति बुलाएगा और सुनवाई के बाद प्लान पर अंतिम निर्णय होगा।

Back to top button