worldदेश

24 भारतीय पर्यटकों से भरी नाव वियतनाम के समुद्र में पलटी, 15 की मौत, दूतावास ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

 छुट्टियां मनाने वियतनाम गए भारतीय पर्यटकों के लिए उनका यह सफर एक बड़े और खौफनाक हादसे में तब्दील हो गया है. वियतनाम के मशहूर फु क्वोक द्वीप के पास दर्जनों पर्यटकों को ले जा रही एक नाव अचानक समुद्र में पलट गई. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस भयानक हादसे में अब तक 15 लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है, हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जान गंवाने वालों में कितने भारतीय नागरिक शामिल हैं. घटना के तुरंत बाद स्थानीय अधिकारियों और आसपास के लोगों द्वारा बड़े पैमाने पर खोज और बचाव अभियान चलाया जा रहा है.

बोट के अंदर फंसे यात्री, मची चीख-पुकार

जानकारी के मुताबिक, इस दुर्भाग्यपूर्ण नाव में कुल 24 भारतीय नागरिक सवार थे. एक पर्यटक श्रीनिवास ने बताया कि भारत के आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु से कुल 105 पर्यटकों का एक बड़ा ग्रुप वियतनाम घूमने गया था. हादसे का शिकार हुई नाव में आंध्र प्रदेश के 5 और तमिलनाडु के 17 लोग मौजूद थे. फिलहाल आंध्र प्रदेश के 2 लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं, जबकि 3 को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

इसके अलावा तमिलनाडु के भी कई पर्यटकों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. घटनास्थल पर मौजूद चश्मदीद बोट वालों ने बताया कि हादसे के महज पांच मिनट के भीतर ही कई दूसरी नावें बचाव के लिए पहुंच गई थीं. लेकिन नाव के उल्टे होने के कारण ज्यादातर यात्री अंदर ही बुरी तरह फंस गए थे, जिससे बचाव कार्य बेहद मुश्किल हो गया और केवल कुछ ही लोगों को होश की हालत में बाहर निकाला जा सका.

दूतावास ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर, अपनों की ऐसे लें जानकारी

इस बड़े हादसे के बाद वियतनाम में स्थित भारतीय दूतावास पूरी तरह से अलर्ट हो गया है. दूतावास ने एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया है कि स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है और घटना की सटीक जानकारी जुटाई जा रही है. अपनों की जानकारी और मदद के लिए भारतीय दूतावास ने हो ची मिन्ह सिटी और हनोई में विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं. प्रभावित परिवार जानकारी प्राप्त करने के लिए हो ची मिन्ह सिटी के हेल्पलाइन नंबरों +84-362817930, +84-915523714 और +84-334520414 पर सीधे संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, हनोई में बनाए गए कंट्रोल रूम के नंबर +84-913089165 पर भी कॉल करके पूरी मदद ली जा सकती है.

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button