मंदसौर

मंदसौर में बदहाल सड़क पर चक्काजाम, अधिवक्ताओं-नागरिकों का प्रदर्शन:अंबेडकर चौराहे से कोर्ट रोड तक गड्ढों से नाराज लोगों ने मरम्मत की मांग की

मंदसौर शहर के अंबेडकर चौराहे से कोर्ट रोड तक की जर्जर सड़क को लेकर बुधवार को स्थानीय नागरिकों और अधिवक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। सड़क पर बने गहरे गड्ढों और बारिश के कारण फैले कीचड़ से परेशान लोगों ने चक्काजाम कर नगर पालिका और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने सड़क की तत्काल मरम्मत और स्थायी पुनर्निर्माण की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि यह शहर का प्रमुख मार्ग है, जिससे प्रतिदिन हजारों लोग जिला न्यायालय, पशुपतिनाथ मंदिर और शहर के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचते हैं। इसी मार्ग से न्यायाधीश, अधिवक्ता, कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी आवागमन करते हैं।

अभिभाषक राघवेन्द्र सिंह तोमर ने बताया कि सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो चुके हैं। इसकी मरम्मत के लिए कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मजबूर होकर अधिवक्ताओं और स्थानीय नागरिकों को सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करना पड़ा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान सड़क पर पानी भर जाने से गड्ढे दिखाई नहीं देते। इससे आए दिन दोपहिया वाहन चालक और स्कूली बच्चे हादसों का शिकार हो रहे हैं। कई बार चारपहिया वाहन भी गड्ढों में फंस जाते हैं, जिससे यातायात प्रभावित होता है।

जल्द मरम्मत नहीं हुई तो आंदोलन होगा तेज

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि स्थायी निर्माण होने तक सड़क के गड्ढों को तत्काल भरा जाए, ताकि आवागमन सुचारु हो सके। साथ ही ट्रेंचिंग ग्राउंड की समस्या का स्थायी समाधान कर आसपास फैली गंदगी हटाने की भी मांग की गई। प्रदर्शन के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत शुरू नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button