कोलकाता में निर्माणाधीन गोदाम ढहने से 5 की मौत, कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका

कोलकाता. पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के तारातला ट्रांसपोर्ट डिपो के पास बुधवार दोपहर एक निर्माणाधीन गोदाम में दर्दनाक हादसा हो गया. अचानक गोदाम का शेड भरभराकर गिर पड़ा, जिससे वहां काम कर रहे कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. राहत और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा और मलबे में फंसे लोगों को निकालने का अभियान शुरू किया. प्रशासन के अनुसार हादसे में कई लोगों के हताहत होने की आशंका बनी हुई है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा दोपहर करीब 1.30 बजे हुआ. उस समय गोदाम में कंक्रीट ढलाई का कार्य चल रहा था और बड़ी संख्या में मजदूर मौजूद थे. अचानक शेड का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया, जिससे वहां मौजूद लोग संभल भी नहीं सके. कुछ मजदूर बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि कई लोग मलबे के नीचे दब गए.
मौत का आंकड़ा बढऩे की आशंका
प्रशासन ने पुष्टि की है कि हादसे में अब तक 5 लोगों की जान जा चुकी है. वहीं 13 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला गया है. इनमें से कई घायल हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है. अधिकारियों का मानना है कि मलबे में अभी भी कई लोग फंसे हो सकते हैं, इसलिए मृतकों की संख्या बढऩे की आशंका बनी हुई है.
युद्धस्तर पर चल रहा रेस्क्यू अभियान
घटना के बाद कोलकाता पुलिस, फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज, डिजास्टर मैनेजमेंट ग्रुप, सिविल डिफेंस और सेना की टीमें मौके पर पहुंचीं. भारी मलबे को हटाने के लिए क्रेन की मदद ली जा रही है. लोहे की मोटी छड़ों को गैस कटर से काटकर रास्ता बनाया जा रहा है ताकि अंदर फंसे लोगों तक जल्दी पहुंचा जा सके.
मलबे से सुनाई दे रही हैं आवाजें
बचावकर्मियों के अनुसार मलबे के भीतर से कई बार लोगों की आवाजें और मदद की पुकार सुनाई दी है. यही वजह है कि राहत दल बेहद सावधानी के साथ अभियान चला रहा है. किसी भी तरह की जल्दबाजी से अंदर फंसे लोगों को नुकसान पहुंचने का खतरा है. इसलिए हर कदम सोच-समझकर उठाया जा रहा है.
हादसे के कारणों की होगी जांच
फिलहाल प्रशासन की पहली प्राथमिकता सभी फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है. इसके बाद यह जांच की जाएगी कि निर्माणाधीन ढांचे का शेड आखिर किन कारणों से गिरा. स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य जारी था और सुरक्षा मानकों की स्थिति की भी जांच होनी चाहिए. प्रशासन ने हादसे की विस्तृत जांच के संकेत दिए हैं.















































