Kal Ka Mausam: चौथी बार प्रदेश में सबसे गर्म रहा रतलाम शहर, राजस्थानी गर्म हवाओं से पारा हुआ 40 डिग्री दर्ज

MP Weather: मध्यप्रदेश राज्य में इन दिनों गर्मी से लोग हलाकान नजर आ रहे हैं। प्रदेश में लगातार बढ़ रही गर्मी से मार्च के महीने में ही मई-जून का एहसास होने लगा है। राजस्थान से आ रही गर्म हवा ने रतलाम शहर में तपन बढ़ा दी है। बुधवार को अधिकतम तापमान में एक ही दिन में 1.2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई और यह 40 डिग्री तक पहुंच गया। यह इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। इस बार मार्च के दूसरे सप्ताह में ही तापमान इस स्तर को छू गया, जबकि पिछले साल 2025 में इसी समय तापमान लगभग 38 डिग्री ही था। इस महीने यह चौथी बार है जब शहर प्रदेश में सबसे गर्म रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान भी है।
1 मार्च के बाद लगातार बढ़ा तापमान
मार्च के 11 दिनों में तापमान में 7.4 डिग्री का उछाल आया है। 1 मार्च को अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री दर्ज किया गया था। रतलाम जिले में राजस्थान प्रदेश से आ रही गर्म हवाओं के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। जिले में लगातार बढ़ रही गर्मी की वजह से किसानों की फसलों को भी नुकसान हो रहा है।
14 मार्च से राहत मिलने की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडेय ने बताया कि प्रदेश में अधिकतम तापमान रहने की वजह रतलाम का राजस्थान से लगा होना है। राजस्थान में तापमान बढ़ रहा है और वहां से आ रही गर्म हवा के कारण तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया। हालांकि, दो दिन बाद तापमान में राहत मिलने की संभावना है। सेंट्रल पाकिस्तान के ऊपर बनने वाले प्रेशर के मूव करने से 14 मार्च से बादल छा सकते हैं और बूंदाबांदी भी हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है।



















































