बस स्टैंड चौराहे पर 20 लाख की लागत से बन रही सीमेंट कांक्रीट नाली, जलभराव से मिलेगी मुक्ति

रतलाम ब्यूरो: रतलाम जिले के शिवपुर नगर के बस स्टैंड चौराहे पर टू-लेन मार्ग के समीप ग्राम पंचायत द्वारा 20.28 लाख की लागत से सीमेंट कांक्रीट नाली का निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। यह नाली मेन रोड स्थित चौपाटी से लेकर पुलिया तक बनाई जा रही है, जिससे क्षेत्रवासियों को वर्षों पुरानी जलभराव व गंदगी की समस्या से निजात मिलेगी।
टू-लेन सड़क बनने के बाद आसपास के घरों से निकलने वाले गंदे पानी और बारिश के पानी की समुचित निकासी नहीं हो पा रही थी, जिससे मार्ग किनारे कीचड़ पसरता था। पंचायत द्वारा एक तरफ 250 मीटर और दूसरी तरफ 90 मीटर लंबी पक्की नाली बनाई जा रही है। नाली का आकार दो फीट चौड़ा और ढाई फीट गहरा रखा गया है। ठेकेदार दिनेश पांचाल ने बताया कि नाली को लोहे की जाली बांधकर सीमेंट कांक्रीट से बनाया जा रहा है। नाली की नियमित सफाई के लिए पूरी लंबाई में चार से अधिक खुले चैंबर बनाए जा रहे हैं।
सड़क में ग्रहों का पानी निकलेगा अब सीधे पुलिया में
सरपंच कैलाश राठौड़ ने बताया कि सालों से सड़क किनारे पानी रुकने से कीचड़ व गंदगी की स्थिति बन रही थी। नाली बनने से सड़क व घरों का पानी सीधे नाली के जरिए पुलिया में निकल जाएगा। पानी का ठहराव न होने से स्वच्छता बनी रहेगी। सचिव दिनेश जाट ने बताया कि 20.28 लाख रुपए की लागत से 2.5 फीट आकार की सीसी नाली का निर्माण कराया जा रहा है। नाली का अधिकांश हिस्सा बनकर तैयार हो चुका है, शेष कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।



















































