मानसून ने 13 राज्य कवर किए, कल मुंबई पहुंचेगा:यूपी के उन्नाव में पेड़ उखड़े, कर्नाटक में गाड़ियां बहीं; MP-राजस्थान में आंधी-बारिश का अलर्ट

मानसून 5 दिन में 13 राज्यों तक पहुंच गया है। सोमवार को तेलंगाना में एंट्री कर चुका है। फिलहाल यह मुंबई से करीब 150 किमी दूर है और अगले 48 घंटे में शहर में दस्तक दे सकता है। वहीं, अगले सप्ताह तक यह गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और ओडिशा तक पहुंच सकता है।
मानसूनी हवाओं के असर से कई मैदानी राज्यों में गर्मी कम हुई है। साथ ही प्री-मानसून के कारण कई जगह 50-60kmph रफ्तार से आंधी और तेज बारिश हो रही है। उत्तर प्रदेश के उन्नाव में मंगलवार को आंधी से कई जगह पेड़ उखड़ गए।
केरल और कर्नाटक में पिछले 4 दिनों से लगातार बारिश जारी है। मंगलवार को बेंगलुरु और बेलगावी में भारी बारिश के बाद कई सड़कों पर पानी भर गया। कुछ जगहों पर गाड़ियां पानी में बहती नजर आईं।
इधर, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में गर्मी का असर बना हुआ है। कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट है। सोमवार को श्रीगंगानगर का अधिकतम तापमान 45.6°C दर्ज किया गया।
मानसून अपडेट…
- केरलम में मानसून 4 जून को पहुंचा था। सोमवार को मानसून ने तेलंगाना में एंट्री कर ली। इससे पहले रविवार को मानसून त्रिपुरा, असम, अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड तक पहुंचा था।
- मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2-3 दिनों में यह कर्नाटक, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पूर्वोत्तर के बाकी इलाकों में आगे बढ़ सकता है। ओडिशा, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी अगले कुछ दिनों में मानसून पहुंच सकता है।
- पश्चिमी तट पर मानसून अब मुंबई से करीब 150km दूर है। अगले 48 घंटे में इसके मुंबई पहुंचने की संभावना है। मुंबई में मानसून के पहुंचने की सामान्य तारीख 10 जून है।
अगले दो दिन के मौसम का हाल
10 जून:
- बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के राज्यों में बारिश के साथ आंधी-तूफान का अनुमान है।
- असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
- केरलम, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में बारिश होगी। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 40-60kmph की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
11 जून:
- दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना है। इस दौरान 50-70kmph की रफ्तार से हवा चलेगी।
- हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बारिश के साथ ओले गिर सकते है।
- बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है।
- केरलम, कर्नाटक और पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है।
8 राज्यों में लू का अलर्ट; राजस्थान का श्रीगंगानगर सबसे गर्म पारा 45°C
राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में गर्मी फिर तेज हो गई है। IMD ने आज 8 राज्यों में लू का अलर्ट दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक 10 जून तक तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।
राजस्थान के श्रीगंगानगर में तापमान एक बार फिर 45°C से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। वहीं, दिल्ली में भी सोमवार को अधिकतम तापमान 43.4°C दर्ज किया गया।
राज्यों के मौसम का हाल…
मध्य प्रदेश: जबलपुर-बड़वानी समेत 18 जिलों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट, कल से 2 दिन हीटवेव की चेतावनी
मध्य प्रदेश के जबलपुर-बड़वानी समेत 18 जिलों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट है। इसके अलावा 10 और 11 जून को 5 जिलों भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में मानसून की एंट्री 15 से 18 जून के बीच हो सकती है।
राजस्थान: श्रीगंगानगर देश में सबसे गर्म, तापमान 45.6° रहा; आज 7 जिलों में आंधी-बारिश, 5 जिलों में हीटवेव का अलर्ट
राजस्थान का श्रीगंगानगर सोमवार को देश का सबसे गर्म शहर रहा, यहां तापमान 46.6° रहा। इसके अलावा जैसलमेर, बीकानेर में भी तापमान 44°C से 46°C के बीच रहा। आज अलवर, भरतपुर, दौसा समेत 7 जिलों में आंधी बारिश और जैसलमेर-जोधपुर समेत 5 जिलों में हीटवेव का अलर्ट है|
बिहार: पटना समेत 8 जिलों का तापमान 41°C के पार, 43.4°C के साथ रोहतास सबसे गर्म
बिहार में सोमवार को पटना समेत प्रदेश के 8 जिलों में तापमान 41°C से ज्यादा रहा। सबसे ज्यादा 43.3°C रोहतास का रहा। बक्सर में 42.7°C और कैमूर में 42.4°C तापमान रहा। आज चंपारण-शिवहर समेत 24 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट भी है।
उत्तराखंंड: उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग समते 8 जिलों में बारिश के आसार, देहरादून में अधिकतम तापमान 37°C
उत्तराखंड में मौसम बदला हुआ है। आज भी 8 जिलों में उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत में आंधी-बारिश की चेतावनी है। सोमवार को भी चंपावत, अल्मोड़ा और उत्तरकाशी में तेज बारिश हुई थी। सोमवार को सबसे अधिक 37°C तापमान देहरादून का रहा।



