अनूपपुर-शादी में जा रहे आर्मी जवान समेत 3 की मौत:खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार बोलेरो, मृतकों में दो सगे भाई शामिल; एक घायल

अनूपपुर में सोमवार सुबह तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में बोलेरो सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में दो सगे भाई और बोलेरो का मालिक शामिल हैं।
मृतकों की पहचान दीनबंधु विश्वकर्मा (36) और विनीत विश्वकर्मा (26) के रूप में हुई है। विनीत आर्मी में जवान था। वह दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर आ रहा था।
तीसरे मृतक की पहचान बोलेरो मालिक मोहम्मद करीम (32), निवासी धनगवां के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में धनगवां निवासी राजू तिवारी (30), पिता सुरेश तिवारी, गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र के छूलहा गांव के पास सोमवार सुबह करीब 4 बजे हुआ। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालत गंभीर होने के कारण उसे मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया है।
हादसे की 3 तस्वीरे देखिए…

हादसे के बाद बोलेरो के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।

हादसे के बाद तीनों मृतक गाड़ी में ही फंस गए।

सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल है। उसे मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया है।
शादी में शामिल होने छुट्टी लेकर घर आ रहा था जवान
मृतकों के परिजन जानकारी लेने जिला अस्पताल स्थित पुलिस सहायता केंद्र पहुंचे। मृतक विनीत के पिता जयकरण विश्वकर्मा लोहारी का काम करते हैं। उनका सबसे बड़ा बेटा कियोस्क सेंटर चलाता है, जबकि दीनबंधु पंचायत में सेल्समैन था।
पिता जयकरण विश्वकर्मा ने बताया कि उनका सबसे छोटा बेटा विनीत आर्मी में जवान था। वह दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर आ रहा था। शादी छत्तीसगढ़ के रायपुर में होनी थी।
पिता के मुताबिक, विनीत रात करीब 3 बजे ट्रेन से पहुंचा था। इसके बाद वह घर लौट रहा था। उसके साथ उसका बड़ा भाई दीनबंधु और दोस्त राजू तिवारी भी थे। छूलहा गांव के पास हादसा कैसे हुआ, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।
पिता ने बताया कि पुलिस ने सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे परिजनों को हादसे की सूचना दी। इसके बाद परिवार के लोग घटनास्थल और जिला अस्पताल पहुंचे।

बिहार के रहने वाले बोलेरो ड्राइवर की भी गई जान
मृतक मोहम्मद करीम के पिता शादी समारोह में शामिल होने बिहार गए हुए हैं। उनका परिवार मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला है। करीम की जैतहरी में टायर रिपेयरिंग की दुकान थी। परिवार में दो भाई और चार बहनें हैं। करीम की शादी नहीं हुई थी।
घायल को मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने घायल राजू तिवारी का इलाज शुरू किया। हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया जा रहा है।
तीनों मृतकों के शव जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाए गए हैं। पुलिस सहायता केंद्र में परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम की तैयारी भी की जा रही है।
अनूपपुर कोतवाली थाना प्रभारी प्रवीण कुमार साहू के अनुसार, ट्रक का रिफ्लेक्टर बंद था। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस आज मामले में एफआईआर भी दर्ज करेगी।

हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोग जुट गए। लोगों ने पुलिस को हादसे की जानकारी दी।
NH पर ट्रक पार्किंग को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने जारी किए थे निर्देश
13 अप्रैल को सुप्रीम कोर्ट ने कई अंतरिम निर्देश जारी किए थे। इनमें कहा गया था कि कोई भी भारी या कॉर्मशियल गाड़ी नेशनल हाईवे के कैरिजवे या पक्के किनारे पर पार्क नहीं किया जाएगा। ऐसे वाहन केवल तय पार्किंग, ले-बाय या सड़क किनारे यात्रियों की सुविधा के लिए बनाई गई जगहों पर ही रोके जा सकेंगे।
कोर्ट ने नेशनल हाईवे के राइट ऑफ वे में नए ढाबे, खाने-पीने की जगहों या अन्य व्यावसायिक ढांचों के निर्माण और संचालन पर भी रोक लगाई थी।
सुप्रीम कोर्ट ने सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय और NHAI को हादसों वाले ब्लैक स्पॉट और गंभीर जोखिम वाले इलाकों की पहचान करने का निर्देश दिया था। साथ ही, इन ब्लैक स्पॉट की पूरी सूची जारी करने को कहा था।








































