इंदौर में बड़ा हादसा: कृषि कॉलेज के सामने चार्टर्ड बस डिपो में लगी भीषण आग, 4 से 5 बसें जलकर खाक

मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में मंगलवार देर रात एक बड़ा अग्निकांड हो गया. एग्रीकल्चर कॉलेज के ठीक सामने स्थित चार्टर्ड बस डिपो में अचानक भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आकर वहां खड़ी 4 से 5 लग्जरी बसें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं. डिपो परिसर में बड़ी संख्या में अन्य बसें भी खड़ी थीं, जिससे आग के और ज्यादा फैलने व बड़े नुकसान की आशंका बनी हुई थी.
कचरे की आग ने लिया विकराल रूप प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डिपो के पास पड़े कचरे के ढेर में किसी तरह आग लग गई थी. तेज हवा और आसपास ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण लपटों ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पास खड़ी बसों को अपनी चपेट में ले लिया. बसों की सीटों में लगे फोम, रेगजीन और टंकियों में भरे डीजल की वजह से आग ने तेजी से भयानक रूप ले लिया.
फायर ब्रिगेड और पुलिस ने संभाला मोर्चा आग की लपटें उठती देख इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और रात्रि गश्त कर रहे पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे. दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और अन्य बसों को सुरक्षित बचाया. हालांकि, तब तक आग की चपेट में आई बसें पूरी तरह नष्ट हो चुकी थीं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.






















