Indian Army CEE Result जारी, अग्निवीर समेत कई पदों के लिए जल्द होगी भर्ती रैली

भारतीय सेना में भर्ती का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। सेना भर्ती कार्यालय महू के अंतर्गत आने वाले अभ्यर्थियों की ऑनलाइन संयुक्त प्रवेश परीक्षा (CEE) का परिणाम 12 जुलाई 2026 को घोषित कर दिया गया है।
यह परीक्षा 1 से 12 जून 2026 के बीच उज्जैन और इंदौर में विभिन्न श्रेणियों के लिए आयोजित की गई थी। अभ्यर्थी अपना परिणाम भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं। अब सफल उम्मीदवारों को आगामी भर्ती रैलियों में शामिल होना होगा, जिनका आयोजन अलग-अलग श्रेणियों के अनुसार निर्धारित स्थानों पर किया जाएगा।
अलग-अलग श्रेणियों के लिए तय हुआ भर्ती कार्यक्रम
सेना भर्ती कार्यालय महू के निदेशक ने बताया कि विभिन्न पदों के लिए भर्ती रैलियां चरणबद्ध तरीके से आयोजित की जाएंगी। हवलदार (एजुकेशन) और धर्मगुरु (जेसीओ) श्रेणी के सफल अभ्यर्थियों की भर्ती जुलाई-अगस्त 2026 में भोपाल सेना भर्ती कार्यालय के माध्यम से स्पोर्ट्स कॉलेज, सीहोर में होगी। वहीं सिपाही (फार्मा), सिपाही (नर्सिंग सहायक) और अग्निवीर महिला सेना पुलिस के उम्मीदवारों की भर्ती अक्टूबर 2026 में ग्वालियर सेना भर्ती कार्यालय आयोजित करेगा।
अग्निवीर भर्ती रैली अक्टूबर-नवंबर में
महू सेना भर्ती कार्यालय के अंतर्गत आने वाले 15 जिलों के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर (जनरल ड्यूटी), अग्निवीर (तकनीकी), अग्निवीर (क्लर्क/स्टोर कीपर) तथा अग्निवीर ट्रेड्समैन (10वीं और 8वीं पास) की भर्ती रैली अक्टूबर-नवंबर 2026 में आयोजित होगी। पात्र अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र का लिंक उनके पंजीकृत ईमेल पर भेजा जाएगा।
दस्तावेज साथ लाना होगा अनिवार्य
भर्ती रैली में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड, अधिसूचना में बताए गए सभी आवश्यक दस्तावेज और आधार कार्ड से लिंक मोबाइल साथ लाना अनिवार्य होगा। किसी भी जानकारी या स्पष्टीकरण के लिए अभ्यर्थी सेना भर्ती कार्यालय महू के हेल्पलाइन नंबर 7648815570 पर संपर्क कर सकते हैं। सेना ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी और चयन केवल योग्यता के आधार पर किया जाएगा।














































