एमपी के मैहर में दर्दनाक हादसा : नदी पार कर रहे 3 बच्चे बहे, एक का शव मिला, 2 की तलाश जारी

मैहर. एमपी के मैहर जिले में अमरपाटन तहसील के नादन देहात थाना क्षेत्र में शनिवार रात नदी पार करते समय दो सगे भाइयों समेत तीन बच्चे तेज बहाव में बह गए. इनकी पहचान विराज कुशवाहा (7), सार्थक कुशवाहा (5) और उनके मामा अंकुल कुशवाहा (19) के रूप में हुई है. एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन में सार्थक का शव ढूंढ निकाला है.
दोनों बच्चे भडऱी, अमरपाटन के रहने वाले हैं जबकि अंकुल खरमसेड़ा का रहने वाला है. शनिवार रात करीब 10 बजे तीनों जुड़ा गांव के पास नदी पार कर बाइक से बहन के घर जन्मदिन समारोह में शामिल होने तेंदुहटी जा रहे थे. लापता के परिजन ने तलाश में देरी के चलते नेशनल हाईवे-30 पर चक्काजाम कर दिया. करीब 500 मीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई. इस दौरान एक एंबुलेंस भी जाम में फंसी रही. पुलिस की समझाइश से करीब एक घंटे बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम खत्म किया.
तेज बहाव में तीनों बहे, बाइक मिली
नदी पार करने के दौरान अचानक पानी का तेज बहाव आया. इसकी चपेट में आने से तीनों बह गए. हादसे के बाद उनकी मोटरसाइकिल नदी किनारे रपटे के पास फंसी मिली. सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. घटना की जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया. तेज बहाव के कारण रेस्क्यू टीमों को सावधानी के साथ तलाश करनी पड़ रही है.
मौके पर तहसीलदार आरडी साकेत और देहात थाना प्रभारी पंचराज सिंह सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं. नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू टीमों को भी काफी सावधानी के साथ सर्च ऑपरेशन चलाना पड़ रहा है. फिलहाल लापता दो लोगों का कोई पता नहीं चल पाया है. प्रशासन और रेस्क्यू टीमें लगातार नदी के आसपास के क्षेत्र में तलाश कर रही हैं. घटना के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है.














































