उज्जैन में खेत में मिले महिला और पुरुष के शव:हत्या की आशंका; दोनों में प्रेम संबंध होने की बात सामने आई, जांच में जुटी पुलिस

उज्जैन जिले के राघवी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ब्राह्मणखेड़ा में गुरुवार को खेत में महिला और पुरुष के शव मिलने से सनसनी फैल गई। खेत के किनारे दोनों शव करीब 100 मीटर की दूरी पर पड़े मिले। ग्रामीणों ने खेत में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद राघवी थाना प्रभारी वीरेंद्र बंदेवार अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतकों की पहचान कालूराम वर्मा (35) और मंजू शर्मा (36) के रूप में हुई है। दोनों उज्जैन जिले के ग्राम बैलाखेड़ा के निवासी बताए जा रहे हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध होने की चर्चा गांव में थी। बताया जा रहा है कि कालूराम अविवाहित था, जबकि मंजू विवाहित थी।
सिर पर चोट के निशान पाए गए
पुलिस के अनुसार दोनों शवों के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं। इसी आधार पर पुलिस फिलहाल मामले को हत्या की आशंका के दृष्टिकोण से जांच रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही हो सकेगा।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी जेडेन लिंगजेरपा भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण नमूने और अन्य सबूत एकत्र किए।
आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही पुलिस
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मृतकों के परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। फिलहाल मामले में किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


















































