महू-नीमच हाईवे के ब्लैक स्पॉट बने परेशानी का सबब, बड़े हादसे का खतरा

MP News: मध्य प्रदेश राज्य में -नीमच हाईवे पर नगर का चौपाटी पिपलौदा रोड चौराहा ऐसा ब्लैक स्पॉट है, जहां आए दिन हादसे होते रहते हैं। एक दिन पहले ही इसी के समीप ट्रक की चपेट में आने से नौगांवा जागीर निवासी जगनाथ चौधरी की मौत हो गई थी। पहले भी यहां कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इसी खतरनाक जगह रोज सुबह 6 से 10 बजे तक सैकड़ों श्रमिक रोजगार के लिए खड़े रहते हैं। इन्हें लोग अपने-अपने हिसाब से मजदूरी तय करके काम पर ले जाते हैं। 4 दिसंबर 2022 को रतलाम के पास फोरलेन के सातरूंडा चौराहे पर ऐसे ही खड़े लोगों को एक ट्रक ने रौंद दिया था। तब 7 लोगों की मौत हो गई थी और कई घायल। ऐसे हादसे का अंदेशा हर रोज यहां बना रहता है।
लंबे समय से इन श्रमिकों के लिए नया स्थान तय करने की मांग हो रही है लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। बुधवार सुबह हुए हादसे के बाद नवागत ट्रैफिक टीआई रविशंकर वर्मा ने पहल की और गुरुवार सुबह मौके पर पहुंचकर सभी श्रमिकों को समझाइश दी। उन्होंने फोरलेन पर हादसे का खतरा बताते हुए श्रमिकों को दूसरी जगह खड़े रहने के लिए प्रेरित किया। पहले तो श्रमिकों ने कहा कि दूसरी जगह जाएंगे तो वहां रोजगार नहीं मिलेगा। इस पर ट्रैफिक टीआई वर्मा ने कहा कि जहां वे रोज खड़े रहते है, वहां एक सूचना बोर्ड लगाएंगे कि अब जिन्हें श्रमिकों की आवश्यकता है, वे नई जगह पर जाकर संपर्क करें। श्रमिक वहीं मिलेंगे। इस सूचना से श्रमिकों को काम मिलने में परेशानी नहीं होगी और समस्या हल हो जाएगी। इसके बाद श्रमिक राजी हो गए और उन्होंने ट्रैफिक नियमों का पालन करने तथा यातायात पुलिस को सहयोग करने का संकल्प भी लिया।
फल-सब्जी के ठेले भी शिफ्ट करने के लिए तलाश रहे जगह
पिपलौदा रोड चौराहे से लेकर रेलवे ओवरब्रिज के छोर तक रोड के दोनों किनारे कई फल व सब्जी के ठेले रोड पर ही लगते हैं। इनके कारण ट्रैफिक जाम होता है। ट्रैफिक टीआई का कहना है कि इनका रोजगार भी प्रभावित नहीं हो और वैकल्पिक स्थान पर शिफ्ट होने से ट्रैफिक समस्या भी दूर हो, ऐसी प्लानिंग कर रहे हैं। नगरपालिका से बात करके वैकल्पिक स्थान ढूंढेंगे और फिर सबकी बैठक करके शिफ्टिंग का निर्णय लेंगे। वहीं खाचरौद नाका मंडी के बाहर रोड पर थोक में सब्जी व लहसुन बीज बेचने के मामले में भीयातायात पुलिस ने मंडी सचिव आर. वसुनिया से बात की है। एक-दो दिन में दोनों संयुक्त बैठक करके प्लानिंग करेंगे कि कैसे मंडी के बाहर ट्रैफिक जाम से आमजन को राहत दी जाए।
ओवरब्रिज के नीचे आंटिया चौराहे पर मिलेंगे सभी श्रमिक
ट्रैफिक इंचार्ज रविशंकर वर्मा ने बताया कि रेलवे ओवरब्रिज के नीचे आंटिया चौराहे पर सुबह 9 से 10 बजे तक ज्यादा ट्रैफिक नहीं रहता है। वहां पर्याप्त जगह भी है इसलिए शुक्रवार 4 सितंबर से वहीं पर श्रमिकों के लिए नया वैकल्पिक स्थान निर्धारित किया है। श्रमिक वहां जाने के लिए तैयार हो गए हैं और पिपलौदा रोड चौराहे पर पुलिस ने श्रमिकों के स्थान शिफ्टिंग की सूचना भी लगा दी है। अब शुक्रवार सुबह पुलिस जवान मौके पर जाकर इसका पालन भी करवाएंगे। इससे व्यवस्था में सुधार होगा और चौराहा सुरक्षित होगा।

















































