आलोट स्टेशन पर लगेंगे 16 सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा होगी मजबूत

MP NEWS: मध्य प्रदेश राज्य में आलोट रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा अब कैमरों की निगरानी में होगी। स्टेशन पर लंबे समय से की जा रही सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग पूरी हो गई है। रेलवे प्रशासन स्टेशन परिसर में कुल 16 सीसीटीवी कैमरे लगाने की प्रक्रिया कर रहा है। इसके लिए आरपीएफ पोस्ट शामगढ़ में सर्वर रूम भी तैयार किया जा रहा है।
रेलवे के अनुसार सीसीटीवी कैमरे पूरे स्टेशन परिसर, सर्कुलेटिंग एरिया, दोनों प्लेटफॉर्म और बुकिंग विंडो पर लगाए जाएंगे। कैमरों के संचालन के लिए सर्वर रूम का काम अभी पूरा होना बाकी है। व्यवस्था पूरी तरह शुरू होने के बाद स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखना आसान होगा। चोरी या अन्य किसी घटना की स्थिति में सीसीटीवी फुटेज जांच में भी मददगार होगी।
यात्रियों की सुरक्षा को लेकर अप-डाउनर एसोसिएशन ने पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक, महानिरीक्षक और प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त आदि के समक्ष स्टेशन पर कैमरे लगाने की मांग उठाई थी। एसोसिएशन के संभागीय अध्यक्ष पंकज सोनी ने कहा कैमरों की सुविधा शुरू होने से विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन पर यात्रियों और नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।





