Ratlam News: महू नीमच फोरलेन हाईवे पर नामली क्षेत्र में जल्द लगेंगे हाईमास्ट, बनेंगे नए स्पीड ब्रेकर

Ratlam News: महू-नीमच फोरलेन पर नामली क्षेत्र के जानलेवा स्थान जल्द ही सुरक्षित किए जाएंगे। सड़क हादसों और जन आक्रोश के बाद मप्र सड़क विकास निगम (एमपीआरडीसी) हरकत में आया है। गुरुवार को एमपीआरडीसी के उप संचालक अमित कुमार भूरिया ने नामली के प्रमुख क्रॉसिंग पॉइंट का निरीक्षण किया। इसमें पंचेड़ फंटा, पल्दुना फंटा, गोकुल चौराहा और मंडी गेट चौराहा शामिल है।
निरीक्षण के दौरान समाजसेवी बंटी डाबी, वरिष्ठ नागरिक भगवतीलाल गेहलोत और मुकेश जाट सहित स्थानीय रहवासी मौजूद रहे। एजीएम भूरिया ने चारों प्रमुख चौराहों पर सुरक्षा मानकों का जायजा लिया। उन्होंने आश्वस्त किया कि यातायात को नियंत्रित करने के लिए नियमों के अनुसार स्पीड ब्रेकरों का निर्माण किया जाएगा और रात में विजिबिलिटी बढ़ाने के लिए सभी प्रमुख फंटों पर हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएंगी। समाजसेवी बंटी डाबी ने एजीएम से पिछले वर्षों में इन प्रमुख पाइंट्स पर हुए हादसों और उनमें हुई मौतों का हवाला देते हुए विस्तार से चर्चा की।
फंटे पर मुकेश गुजरिया की मौत के बाद जागा प्रशासन
हफ्तेभर पहले पल्दुना फंटे पर फोरलेन क्रॉसिंग पर मुकेश गुजरिया नामक युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई थी। इस घटना से आक्रोशित सर्व समाज ने मृतक का दाह संस्कार फोरलेन सड़क पर ही करने का निर्णय लेकर प्रदर्शन किया था। दो दिनों तक चले भारी प्रशासनिक गतिरोध के बाद एमपीआरडीसी अधिकारियों द्वारा दिए गए लिखित आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए थे।

















































