रतलाम

Weather Update: रतलाम के जावरा क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश, मांडवी में ओले गिरे, फसलों को पहुंचा नुकसान

Ratlam News: रतलाम के जावरा क्षेत्र में कल पूरे दिन मौसम खराब रहा। मंगलवार सुबह 4 से 6 बजे के बीच नगर सहित ग्रामीण अंचल में तेज बारिश हुई। जावरा सिटी में मूसलाधार बरसात हुई और पौन इंच पानी गिरा। मानसून सीजन मिलाकर बारिश का आंकड़ा 58.70 इंच हो गया है। जबकि नेतावली, मांडवी, तरासिया क्षेत्र में कहीं-कहीं ओले भी गिरे। बारिश के साथ तेज हवा चली। इससे खेतों में फसलें आड़ी पड़ गईं। इससे किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच गई क्योंकि तना मुड़ने से फसल कमजोर हो गई और इसका सीधा असर उत्पादन पर पड़ेगा।

ग्राम मांडवी, तरासिया में चने के आकार के ओले गिरे हैं। जबकि नेतावली सहित आसपास गांवों में बारिश के साथ जो तेज हवा चली, उससे फसलों में ज्यादा नुकसान हुआ है। इधर सुबह 11 बजे बाद मौसम खुल गया और दोपहर में तो धूप भी खिली। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी दोपहर तक बादल रह सकते हैं। इसके बाद मौसम पूरी तरह खुल जाएगा और धूप खिलेगी। हालांकि तापमान में गिरावट नहीं होगी। रात का न्यूनतम तापमान 15 और दिन का 28 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।

आपदा ने किसानों की मेहनत पर फेरा पानी

ग्राम नेतावली के किसान लक्ष्मीनारायण बोड़ाना ने बताया मेरी 7 बीघा की गेहूं फसल आड़ी पड़ने से चौपट हो गई है। अप्रैल में बेटी संजना की शादी है। उसी की तैयारी में जुटे हैं और फसल से बहुत उम्मीद थी लेकिन अब फसल ही चौपट हो गई तो क्या करेंगे। सोयाबीन फसल भी ज्यादा बारिश से खराब हो गई थी। किसान बद्रीलाल पाटीदार ने बताया मेरे तीन बीघा की अलसी की फसल खराब हो गई है। मांडवी के ओमप्रकाश विश्वकर्मा का कहना है कि सुबह ओले गिरे व पानी भी। इससे गेहूं व चने की फसल में नुकसान हुआ।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button