Ratlam News: रतलाम में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्राली में लगी आग, बड़ा हादसा होते-होते बचा

Delhi Mumbai Express accident update: दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर भूतेड़ा इंटरचेंज के पास रविवार सुबह एक ट्रॉले में आग लग गई। यह रतलाम से दिल्ली की ओर जा रहा था। ट्रॉले के पहिये में आग लगी और दोनों तरफ के टायर जलकर बर्स्ट हो गए। आग का कारण ब्रेक-शू चिपकना बताया जा रहा है। एक्सप्रेस-वे की टोल और मेंटेनेंस कंपनी के पास आग बुझाने के संसाधन भी उपलब्ध नहीं थे। इससे मदद में देर हुई। आखिर ग्रामीणों ने जावरा नगरपालिका से दमकल मौके पर बुलाई।
ग्राम भूतेड़ा निवासी भाजपा नेता लोकेश शर्मा ने बताया कि सुबह 6.30 बजे हम मॉर्निंग वॉक के लिए निकले। एक्सप्रेस-वे पर एक ट्राले में धुआं व आग की लपटें उठती देखीं। हम ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे तो वहां एक ट्रॉले के टायर जल रहे थे। उसमें स्टील के बंडल भरे थे। शर्मा समेत ग्रामीणों ने बताया कि यूं तो एनएचएआई ने हर किलोमीटर पर सीसीटीवी कैमरे लगा रखे हैं। वहां से पूरी गतिविधि देखते हैं और मदद भेजने के वादे किए जाते हैं लेकिन यहां आग लगने के आधे घंटे तक कोई मदद नहीं आई। जबकि घटनास्थल टोल बूथ से सिर्फ 500 मीटर और रेस्ट एरिया से भी केवल एक किलोमीटर दूर था।
टोल कंपनी से नहीं मिली कोई मदद
टोल कंपनी और रोड मेंटेनेंस कंपनी के पास तो आग बुझाने के संसाधन ही नहीं हैं। घंटेभर बाद रोड निर्माता एवं मेंटेनेंस कंपनी ने पानी का टैंकर भेजा, जिसे एक्सप्रेस-वे के बीच लगे पौधों को पानी पिलाने के लिए रखा है। आखिर में जावरा नगरपालिका से हमें दमकल बुलानी पड़ी। शुक्र है ट्रॉले का ईंधन टैंक दूर था इसलिए धमाका नहीं हुआ। एनएचएआई के प्रोजेक्ट निदेशक संदीप पाटीदार का कहना है कि रेस्ट एरिया व टोल कंपनी के पास सिर्फ फायर एक्सटिंगिवीशर सिलेंडर रहता है लेकिन केंद्र सरकार स्तर पर मंथन चल रहा है कि एक्सप्रेस-वे पर दमकल वाहन भी उपलब्ध रहें।















