Ratlam News: पानी चोरों पर एक्शन; शेरानीपुरा, मोमिनपुरा, सुभाष नगर व नयागांव में 16 अवैध कनेक्शन ढूंढकर काटे

Ratlam News: रतलाम जिले में नलों में गंदा व मटमैला पानी आने की समस्या सुधारने के बाद नगर निगम ने पानी चोरों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। निगम कर्मियों ने 16 अवैध नल कनेक्शन ढूंढकर काटे हैं। इनमें नयागांव के 4, शेरानीपुरा के मोमिनपुरा के 4 और सुभाषनगर के 3 शामिल हैं। मुहिम यही नहीं रुकने वाली है क्योंकि जलप्रदाय अमले ने सर्वे के लिए पूरी टीम शहर में उतार दी है। कर्मचारी प्रत्येक वार्ड में घर-घर जाकर कनेक्शन और डायरी चेक करेंगे। जहां भी अवैध कनेक्शन मिलेंगे, बिना किसी चेतावनी के सीधे कनेक्शन काटे जाएंगे। यदि जलकर बकाया निकला तो तत्काल भरने की चेतावनी दी जाएगी।
इधर, जलप्रदाय अमले ने बकायादारों की फाइलें निकालना शुरू कर दी हैं। अब तक की पड़ताल में 12 से ज्यादा बड़े बकायादार मिले हैं। एक-दो दिन में इन्हें भी अंतिम चेतावनी के नोटिस जारी हो जाएंगे। चालू वित्तीय वर्ष में निगम को 18 करोड़ का जलकर वसूलना है। इसके मुकाबले वार्ड वार शिविर लगाने और उपभोक्ताओं द्वारा सीधे जमा कराने के बाद भी 7.78 करोड़ रुपए की वसूली हुई है। अब 2 महीने में लगभग 13 करोड़ रुपए की वसूली करना है। बता दें कि बीते साल 17.15 करोड़ के मुकाबले 6.65 करोड़, उसके पहले 14.35 करोड़ के मुकाबले 5.89 करोड़ रुपए ही जलकर आया था। ईई राहुल जाखड़ ने बताया कि अवैध नल कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू कर दी है। टीम पूरे शहर में सर्चिग करेगी।















