बुरहानपुर में तीसरी व चौथी रेल लाइन के लिए मशीनों से तोड़े गए 70 मकान, भारी पुलिस बल मौजूद

भुसावल-खंडवा के बीच डाली जा रही तीसरी और चौथी रेल लाइन की जद में आ रहे 70 मकानों को रेलवे ने शनिवार को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में मशीनों से तोड़ दिया। शाम करीब पांच बजे कार्रवाई पूरी होने के बाद पूरा संजय नगर मलबे से पटा नजर आया।
तोड़े गए मकानों में 60 नेपा मिल द्वारा आवंटित जमीन पर बनाए गए थे, जबकि दस अतिक्रमण में थे। हालांकि अधिकांश लोगों ने शुक्रवार शाम तक घरों को खाली कर दिया था।
कच्चे छप्पर वाले मकानों से टीन शेड भी निकाल लिए थे। अब विस्थापित हुए परिवारों के आसपास सरकारी भूमि पर पुनर्वास के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
मेहनत से बनाए आशियानों को टूटता हुआ देख कर कई लोगों की आंखें नम हो गईं। कार्रवाई के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष भारती पाटिल, एसडीएम भागीरथ वाखला, रेलवे के अधिकारी, वन विभाग के अफसर और थाना प्रभारी ज्ञानू जायसवाल सहित अन्य जन प्रतिनिधि भी मौजूद थे।
भातखेड़ा के पास देखी जमीन
विस्थापित हुए परिवारों के पुनर्वास के लिए प्रशासन ने भातखेड़ा के पास खसरा नंबर नौ की करीब 80 आए जमीन देखी है। कार्रवाई के बाद एसडीएम सहित अन्य अधिकारी व नपा अध्यक्ष जमीन देखने पहुंचे। उन्होंने बताया कि नगर पालिका परिषद के माध्यम से कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद वहां प्लाटों का आवंटन किया जा सकता है। जिससे विस्थापित परिवारों को राहत मिलेगी और भविष्य में दोबारा उन्हें विस्थापन का दंश नहीं झेलना पड़ेगा।
नपा उपाध्यक्ष ने भी लिखा पत्र
इधर नगर पालिका उपाध्यक्ष सरला काटकर ने भी सीएमओ को पत्र देकर संजय नगर के विस्थापित होने वाले परिवारों को भूमि आवंटित करने के लिए कहा है। उन्होंने बताया है कि विधायक मंजू दादू द्वारा खसरा क्रंमाक नौ भातखेडा गजानन मंदिर के सामने रिक्त पड़ी भूमि चयनित कर कलेक्टर हर्ष सिंह को भूमि आवंटन के संबंध में बताया था।
किसी ने नहीं किया विरोध
एसडीएम भागीरथ वाखला ने बताया कि अतिक्रमण हटाने की मुहिम शांति पूर्ण तरिके से चलाई गई। किसी भी प्रकार का विरोध नहीं हुआ। लोगों ने पहले ही अपने मकान खाली कर दिए थे। कुछ पक्के मकान थे, जिन्हे जेसीबी से हटाया गया है। जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कलेक्टर से चर्चा की गई है। उनके द्वारा भातखेड़ा के गजानन मंदिर के पास राजस्व भूमि को चुना गया है। नगर पालिका के माध्यम से विस्थापितों को जमीन का आवंटन कर शासन की योजना से लाभान्वित किया जाएगा।




































