रतलाम जिले में चंदन के पेड़ चुराने घुसे दो चोरों की करंट से मौत, फसल बचाने फेसिंग में छोड़ रखी थी बिजली

रतलाम ब्यूरो: रतलाम जिले में चंदन के पेड़ चोरी करने घुसे दो चोरों की खेत की फेंसिंग में छोड़े गए करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। खेत में लगी मक्का की फसल को रोजड़ों और जंगली सूअरों से बचाने के लिए खेत मालकिन ने लोहे के तारों की फेंसिंग में करंट छोड़ रखा था। खेत मालकिन शुक्रवार सुबह खेत पर पहुंची तो दोनों वहां मृत पड़े मिले। सालाखेड़ी चौकी प्रभारी विजय बामनिया ने बताया कि मथुरी के पास स्थित आलनिया गांव में शांतिबाई सिंगाड़ के खेत के पास दो लोगों के शव मिले। इनकी शिनाख्त अवतारसिंह (40) पिता रामसिंह बंजारा व संजू (38) पिता बहादुर बंजारा दोनों निवासी ईशनखेड़ी (महिदपुर रोड, उज्जैन) के रूप में हुई।
प्रथम दृष्टया इनकी मौत करंट लगने से होना सामने आया है। जानकारी मिली है खेत मालकिन शांतिबाई ने फसल बचाने के लिए खेत के चारों ओर लोहे के तारों की फेंसिंग में करंट छोड़ रखा था। इसके लिए बिजली लाइन से सीधे तार जोड़कर करंट छोड़ा गया था। चोरों ने पास के खेत में लगा एक चंदन का पेड़ काटकर गिरा दिया था, जबकि दो अन्य पेड़ों पर भी आरी चलाने के निशान मिले हैं। जब वे शांतिबाई के खेत में लगे चंदन के पेड़ काटने के लिए फेंसिंग के नीचे से झुककर निकलने लगे तो करंट की चपेट में आ गए। अवतार सिंह तारों से चिपक गया, जबकि संजू को जोरदार झटका लगने से वह चार फीट दूर जा गिरा। पुलिस ने दोनों के परिजनों को सूचना दी और पोस्टमार्टम (पीएम) के बाद शव परिजनों को सौंप दिए। मृतकों के पास से कुल्हाड़ी और आरी मिली है। काटे गए पेड़ करीब 10 फीट ऊंचे और उनका तना लगभग 6 से 7 इंच मोटाई (गोलाई) का था।
उज्जैन के महिदपुर रोड से आए थे, अन्य साथी भी होने की आशंका
पुलिस के अनुसार मृतकों के साथ अन्य साथी भी रहे होंगे, जो घटना के बाद डरकर भाग गए। घटनास्थल पर कोई वाहन नहीं मिला, जिससे साफ है कि लकड़ी परिवहन के लिए लाए गए वाहनों को लेकर बाकी साथी फरार हो गए। दोनों मृतक उज्जैन जिले के महिदपुर क्षेत्र के निवासी थे, जो रेल मार्ग से करीब 60 किमी और सड़क मार्ग से 90 किमी दूर रतलाम में वारदात करने आए थे। आशंका है कि यह चंदन तस्करों का गिरोह हो सकता है। पुलिस आरोपियों के आने-जाने के रूट और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि गिरोह के बाकी सदस्यों का सुराग मिल सके।
मृतक अवतार के मोबाइल पर कॉल आया तो परिजनों को दी जानकारी
मृतक अवतार सिंह के पास से एक मोबाइल मिला है। शुक्रवार सुबह शव मिलने के बाद जब मोबाइल पर परिजनों का फोन आया तब पुलिस ने उनसे पहचान की पुष्टि की और घटना की जानकारी दी। पुलिस की सूचना के बाद परिजन दोपहर बाद रतलाम पहुंचे और शव लेकर रवाना हुए।
साढ़े 7 हजार से 25 हजार रुपए प्रति किलो तक बिकता है चंदन
व्यापारियों के अनुसार गुणवत्ता के आधार पर सफेद चंदन की लकड़ी 7,500 रुपए से लेकर 25,000 रुपए प्रति किलो तक बिकती है। करीब एक साल पहले रावटी क्षेत्र से भी चोर चंदन का पेड़ काट ले गए थे, जिसमें उन्होंने पेड़ को ऊपर रस्सी से बांधकर बीच में से तना काट ले गए थे। ग्रामीण क्षेत्रों में चंदन के पेड़ काटकर ले जाने की घटनाएं होती रहती है।
जानवरों से फसल बचाने लगाते हैं झटका मशीन
आलनिया के सरपंच प्रतिनिधि अंबाराम भूरिया ने बताया कि क्षेत्र में रोजड़ों और जंगली सूअरों की तादाद अधिक है, जो फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं। इनसे बचाव के लिए किसान खेतों के चारों ओर लोहे के कांटेदार तारों की फेंसिंग कर झटका मशीन लगाते हैं। जब कोई जानवर तार छूता है, तो उसे तेज झटका लगता है और वह भाग जाता है, इससे जानवर की जान नहीं जाती। यह झटका मशीन करीब 10 हजार रुपए में मिलती है। हालांकि इस खेत में झटका मशीन लगाने के बजाय सीधे बिजली लाइन से फेंसिंग में करंट जोड़ दिया गया था, जिससे यह जानलेवा हादसा हुआ। (Ratlam News)


























