कारोबार

Ratlam News: एमसीएक्स बंद, मुंबई के भाव पर ही बिका रतलाम शहर में सोना और चांदी

Good Silver Rate: ईरान-इजराइल के बीच शुरू हुए हमले के असर से शनिवार को सोने और चांदी के भाव में जोरदार तेजी आ गई। प्योर सोने के भाव में 11 हजार 500 रुपए प्रति दस ग्राम की तेजी आई और सराफा बाजार में सोने के भाव फिर 1.70 लाख रुपए प्रति दस ग्राम तक पहुंच गए। वहीं जेवराती सोना 1 लाख 55 हजार 240 रुपए प्रति दस ग्राम बिका।

चांदी में भी तेजी रही, 28 हजार 200 रुपए प्रति किलो की बढ़त के साथ यह 2.90 लाख रुपए प्रति किलो बिकी। सराफा बाजार में एमसीएक्स के आधार पर सोने और चांदी के भाव तय होते हैं। शनिवार होने के कारण एमसीएक्स बंद था इसलिए बाजार में सोना और चांदी मुंबई के भाव के आधार पर बिका। सराफा व्यापारियों के मुताबिक यदि दोनों देशों के बीच हमले बढ़ते हैं तो भाव में और तेजी आ सकती है।

तेजी लेकिन दोनों धातु अभी रिकॉर्ड भाव से सस्ती

दोनों धातुओं के भाव में तेजी के बावजूद सोना और चांदी अभी भी अपने रिकॉर्ड भाव से सस्ते बिक रहे हैं। सोना रिकॉर्ड भाव से 13 हजार 200 रुपए सस्ता बिक रहा है। इसका रिकॉर्ड भाव 29 जनवरी को 1 लाख 83 हजार 200 रुपए प्रति दस ग्राम था। वहीं चांदी का रिकॉर्ड भाव उसी दिन 3 लाख 85 हजार रुपए प्रति किलो था, यानी चांदी अभी भी अपने ऑल टाइम हाई से 95 हजार रुपए सस्ती बिक रही है।

हमले के कारण भाव में तेजी

ईरान और इजराइल के बीच हमले तेज हो गए हैं, जिससे दोनों धातुओं के भाव में तेजी आई है। यदि अमेरिका भी कोई कार्रवाई करता है तो भाव में और तेजी आ सकती है। सोना 2 लाख रुपए प्रति दस ग्राम तक और चांदी 3.50 लाख रुपए प्रति किलो के स्तर तक पहुंच सकती है। – विशाल डांगी, सराफा व्यापारी और पूर्व उपाध्यक्ष सराफा एसोसिएशन

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button