मौसम अपडेट

Haryana Weather: हरियाणा में शीतलहर से फिर बढ़ी ठिठुरन, धुंध के कारण कई जिलों में दृश्यता रही 50 मीटर

Weather Update Haryana: हरियाणा प्रदेश में एक बार फिर सहित लेने ठिठुरन बढ़ा दी है। कल प्रदेश में हुई हल्की बारिश और ओलावृष्टि के बाद से मौसम परिवर्तनशील बना हुआ है। सुबह और शाम घनी धुंध छाए रहने से वाहन चालकों की परेशानियां बढ़ रही हैं। आज सोमवार की सुबह धुंध के कारण सिरसा, फतेहाबाद, हिसार सहित कई जिलों में दृश्यता करीब 50 मीटर तक सिमट गई, जिससे कई सड़क हादसे हुए और यातायात सेवाएं भी प्रभावित रहीं।

दिनभर बादल छाए रहने से सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। धूप न निकलने के कारण ठंड का असर और बढ़ गया। प्रदेश की लगभग सभी जिलों में आज न्यूनतम तापमान 10 डिग्री जबकि अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। हालांकि दोपहर में थोड़ी धूप निकलने से लोगों ने कुछ राहत की सांस ली। विशेषज्ञों के अनुसार धुंध गेहूं की फसल के लिए लाभकारी मानी जा रही है, जबकि सरसों की फसल पर इसका नकारात्मक असर पड़ सकता है।

प्रदेश में एक सप्ताह पहले मौसम सामान्य हो गया था और धूप निकलने से दोपहर में गर्मी का अहसास होने लगा था, लेकिन बारिश और ओलावृष्टि के बाद शीत हवाओं का दौर फिर शुरू हो गया। पिछले दो दिनों से बर्फीली हवाएं चलने के कारण हरियाणा के कई जिलों में ठंड का प्रकोप बना हुआ है। तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव से जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

4 फरवरी तक हरियाणा में मौसम बना रहेगा परिवर्तनशील

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार प्रदेश में मौसम 4 फरवरी तक परिवर्तनशील बना रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के चलते मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। एक फरवरी को कुछ क्षेत्रों में हवाओं के साथ गरज-चमक और कहीं-कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई। वहीं आज और कल प्रदेश के उत्तरी व दक्षिणी जिलों में कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है।

Back to top button