रेलवे

मंदसौर-मल्हारगढ़ ट्रैक पर पहली बार एक -साथ गुजरीं दो ट्रेनें, दोहरीकरण का काम हुआ पूरा

Ratlam Railway Mandal: मल्हारगढ़-मंदसौर रेल खंड के 23.35 किलोमीटर लंबे दोहरीकृत ट्रैक को संचालन की अनुमति मिलने के बाद अब इस मार्ग पर दोनों लाइनों पर ट्रेनें चलने लगी हैं। भास्कर में पहली बार देखिए यह तस्वीर, जो क्षेत्र के विकास में एक नया अध्याय जोड़ती है। इससे क्षेत्र की जनता को बड़ी राहत मिलेगी। पहले ट्रेनों की क्रॉसिंग में लगने वाला समय अब कम होगा, जिससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक जल्दी पहुंचने में सुविधा मिलेगी। ट्रेनों की समयबद्धता भी बेहतर होगी और यात्रा अधिक सुगम बनेगी। साथ ही मालगाड़ियों की आवाजाही बढ़ने से पूरे क्षेत्र के आर्थिक विकास को नया बल मिलेगा।

12 मार्च को हुआ था 120 की स्पीड से सफल ट्रायल

12 मार्च को मल्हारगढ़ मंदसौर रेलवे लाइन पर विभाग द्वारा 120 की स्पीड से सफल ट्रायल लिया गया था। रतलाम-नीमच रेलखंड पर मल्हारगढ़ से मंदसौर के बीच 24 किमी लंबे रेलवे दोहरीकरण का कार्य पूरा होने के बाद बुधवार को नए ट्रैक पर हाईस्पीड ट्रायल किया गया। इंजन को 120 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ाया। रिपोर्ट ओके आने के बाद रात को 8 बजे आने वाली रतलाम-भीलवाड़ा डेमू ट्रेन को भी नई लाइन पर चलाया।

ट्रायल के लिए इंजन सुबह 9.24 बजे मंदसौर स्टेशन से रवाना हुआ और निर्धारित समय से पहले 21 मिनट से कम समय में मल्हारगढ़ स्टेशन पहुंच गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रायल के दौरान सुरक्षा और तकनीकी मानकों की बारीकी से जांच की गई। इंजन के साथ एक कोच लगाया था। पूरे मार्ग पर ट्रैक की स्थिरता, सिग्नलिंग व्यवस्था, स्पीड क्षमता और अन्य पहलुओं का परीक्षण किया।

Back to top button