रेलवे

मल्हारगढ़ स्टेशन पर इंदौर-अहमदाबाद समेत 5 प्रमुख ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग, डिप्टी सीएम ने दिया आश्वासन

महासमुंद ब्यूरो: मल्हारगढ़ रेलवे स्टेशन पर इंदौर अहमदाबाद सहित पांच प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग तेज हो गई है। यात्रियों की सुविधा और मांग को देखते हुए अब डिप्टी सीएम देवड़ा बोले कि जल्द दिल्ली जाकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से करके इस रेलवे स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव को शुरू करवाएंगे। मल्हारगढ़ रेलवे स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के स्टॉपेज व यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग को लेकर रेल रोको संघर्ष समिति के सदस्यों और नागरिकों ने रविवार को उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा से मुलाकात की। ग्रिड बालाजी के सामने हुई मुलाकात में समिति ने ज्ञापन सौंपा।

यात्रियों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को होती है परेशानी

समिति ने बताया कि विधानसभा मुख्यालय का महत्त्वपूर्ण स्टेशन होने के बावजूद प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव नहीं है। इससे यात्रियों, विद्यार्थियों, मरीजों व व्यापारियों को परेशानी होती है। भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने भी स्टेशन पर स्टॉपेज की जरूरत बताई। समिति ने इंदौर-असारवा (अहमदाबाद) ट्रेन के ठहराव की मांग करते हुए कहा कि क्षेत्र से मरीज व अन्य कामों से बड़ी संख्या में लोग अहमदाबाद जाते हैं। सीधी ट्रेन नहीं होने से निजी साधनों पर अतिरिक्त खर्च करना पड़ता है। जयपुर-भोपाल ट्रेन के ठहराव से विद्यार्थियों और आम यात्रियों को सुविधा मिलेगी। चित्तौड़गढ़-उज्जैन ट्रेन के ठहराव से महाकाल दर्शन के लिए सीधी रेल सुविधा मिल सकेगी। इसके अलावा मंदसौर-कोटा और काचीगुड़ा-भगत की कोठी ट्रेनों के ठहराव की मांग भी रखी गई। देवड़ा ने कहा कि जल्द दिल्ली प्रवास प्रस्तावित है। वे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से स्वयं मुलाकात कर स्टॉपेज को लेकर चर्चा करेंगे और हर संभव प्रयास करेंगे।

Back to top button