Haryana News: हरियाणा के सिरसा शहर में अंडरपास बनाने की राह अब हुई आसान, सीवर लाइन शिफ्ट करने का काम 50 फीसदी पूरा

Sirsa News: हरियाणा प्रदेश के सिरसा शहर में पुरानी कचहरी रोड पर रेलवे अंडरपास निर्माण के लिए सीवरेज लाइन शिफ्टिंग का कार्य 200 मीटर पूरा हो चुका है। पाइपें डालने के लिए करीब 20 फुट खुदाई की गई है। ट्रैफिक थाना से लेकर टाउन पार्क तक करीब 450 मीटर लंबाई में लाइन बिछाई जानी है। अभी तक 50 फीसदी कार्य पूरा हुआ है। खुदाई के चलते टाउन पार्क से लेकर रेलवे पार्क तक लगी रेहड़ियों को हटाया गया है।
उधर, पहले चरण में चत्तरगढ़पट्टी फाटक के दोनों ओर पेयजल व सीवरेज लाइन शिफ्ट करने का कार्य पूरा हो चुका है। जबकि दूसरे चरण का कार्य पुराना कचहरी रोड अंडरपास क्रॉसिंग का काम पूरा होने के बाद शुरू होगा। अब पुल निर्माण से पहले बिजली निगम हाइटेंशन तारें व खंभों को हटाने की प्रक्रिया शुरू करेगा। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार चत्तरगढ़पट्टी फाटक पर पुल का निर्माण अप्रैल माह के अंत में शुरू कर दिया जाएगा। उधर, रानियां मिनी बाइपास रोड पर भी सीवरेज लाइन शिफ्ट करने का कार्य तेज गति से चल रहा है।
सीवरेज व पेयजल लाइन शिफ्ट पर खर्च होंगे 1.12 करोड़ रुपये
सीवरेज लाइन शिफ्ट का कार्य तेजी से चल रहा है। इस पर करीब 87 लाख रुपए खर्च होंगे। लाइन शिफ्ट होने के बाद पेयजल लाइन शिफ्टिंग का कार्य शुरू होगा। जिस पर 25 लाख रुपए खर्च होंगे। दोनों साइड से 200 मी. सीवरेज पाइप लाइन डाली जा चुकी हैं। रेलवे क्रॉसिंग के दौरान 50 मीटर टुकड़ा अंत में रेलवे अधिकारियों की निगरानी में डाला जाएगा। दोनों साइड 200 मीटर लाइन का कार्य पूरा हो चुका है। 2 सीवर चैंबर बनकर तैयार हो चुके हैं, जबकि तीसरे का कार्य चल रहा है। वहीं दो अन्य सीवरों के चैंबर की खुदाई की जा रही है।
तेजी से चल रहा कार्य: राय सिंह
राय सिंह सिद्धू एसडीओ, पब्लिक हेल्था ने कहा कि सीवरेज लाइन डालने का कार्य तेजी से चल रहा है। टाउन पार्क के पास सीवरेज लाइन का कनेक्शन जोड़ा जाएगा। जल्द ही पेयजल लाइन शिफ्ट का भी कार्य शुरू हो जाएगा। कुल 450 मीटर लाइन डाली जाएगी। 50 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है।
200 मीटर लाइन डाली जा चुकी
रघुवीर सिंह, ठेकेदार ने बताया कि पुराना कचहरी रोड पर दोनों साइड 450 मीटर लाइन शिफ्ट की जानी है। 200 मीटर लाइन डाली जा चुकी है। दो चैंबर भी बनकर तैयार है। तीसरे का कार्य चल रहा है। चत्तरगढ़पट्टी फाटक पुर भी पहले चरण का कार्य पूरा कर दिया गया है।
