उज्जैन और रतलाम की 62 हेक्टेयर जमीन का होगी अधिग्रहण, रेलवे ने दिल्ली मुंबई रूट पर चौथा ट्रैक बिछाने की तैयारी की शुरू

Ratlam Railway Mandal: भारतीय रेलवे द्वारा उज्जैन और रतलाम में दिल्ली मुंबई रूट पर चौथा ट्रैक बिछाने हेतु लगभग 62 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण करने की तैयारी शुरू कर दी है। दिल्ली-मुंबई रेलवे रूट को चार पटरियों का बनाने वाले मल्टी ट्रैकिंग प्रोजेक्ट पर रेलवे ने रफ्तार से काम करना शुरू कर दिया है। रतलाम मंडल के हिस्से में इस रूट का नागदा से गोधरा तक का हिस्सा है। अब तक की तैयारियों के मुताबिक इसमें सबसे पहले 41 किमी लंबे रतलाम-नागदा सेक्शन में तीसरा-चौथा ब्रॉडगेज ट्रैक डलेगा।
दो नई लाइन बिछाने के लिए लगभग 62 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण होगा। इसमें उज्जैन जिले की करीब 60 हेक्टेयर और रतलाम जिले की 2 हेक्टेयर भूमि शामिल है। जमीनों का चिह्नांकन हो गया है। राज्य शासन तक रिपोर्ट पहुंच गई है। अब रेलवे जिला प्रशासन के साथ मिलकर जमीन अधिग्रहित करेगा। उधर टेंडर की प्रक्रिया भी चल रही है। दो नए ट्रैक बिछाने पर 1018 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च होंगे।
दिल्ली-मुंबई रूट देश के 7 हाई-डेंसिटी रेल रूट्स में शामिल
रेलवे ने दिल्ली-मुंबई रेलमार्ग को देश के 7 हाई डेंसिटी रेलमार्गों में शामिल कर लिया है। इसके अलावा दिल्ली-हावड़ा, हावड़ा-चेन्नई, चेन्नई-मुंबई, दिल्ली-चेन्नई, मुंबई-हावड़ा और दिल्ली-गुवाहाटी रूट हैं। कुल ट्रैफिक का 41 प्रतिशत इन्हीं रूट पर है। पीआरओ मुकेश कुमार ने बताया कि मंडल के गोधरा से रतलाम और रतलाम से नागदा के लिए तीसरी और चौथी लाइन की स्वीकृति हो गई है। अब उस पर तेजी से काम चल रहा है।
160 किमी प्रति घंटे की स्पीड पर दौड़ेंगी ट्रेनें
वर्तमान रेल लाइन के समानांतर तीसरा और चौथा ट्रैक डलने से ट्रेनों को 160 किमी प्रति घंटे की पूरी रफ्तार मिल जाएगी। अभी रतलाम-गोधरा के बीच 110 से 130 किमी की रफ्तार मिल रही है। वहीं दो नए ट्रैक से दिल्ली-मुंबई मार्ग पर रेल यातायात का दबाव भी घटेगा। (RATLAM NEWS)







