Ratlam Railway Mandal: रतलाम और नीमच के बीच 110 की स्पीड से दौड़ेगी ट्रेनें, आज होगा स्पीड ट्रायल

Ratlam-Neemuch Railway line Doubling: रतलाम नीमच रेलवे लाइन दोहरीकरण प्रोजेक्ट में मल्हारगढ़ से ने मंदसौर तक डाले गए दूसरे ट्रैक की चेकिंग शुरू हो गई है। रविवार को पश्चिम रेलवे हेडक्वार्टर के चीफ इंजीनियर के साथ पूरी टीम पहुंचकर ट्रैक व अन्य तकनीकी काम का निरीक्षण किया। अब 9 मार्च की शाम को 24 किमी मल्हारगढ़-मंदसौर सेक्शन में स्पीड ट्रायल करने की तैयारी की जा रही है।
दरअसल रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) के निरीक्षण से पहले टीम इस सेक्शन का परीक्षण करना चाहती है। स्पीड ट्रायल के साथ ओएचई, सिग्नलिंग, स्लीपर, पटरियों के साथ खासकर ब्रिजों की मजबूती को परखा जा रहा है। सीआरएस 10 मार्च की रात रतलाम पहुंचेंगे और 11 मार्च को सुबह मंदसौर जाकर निरीक्षण की शुरुआत करेंगे। पूरा खंड घूमने के बाद सीआरएस खुद भी 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पर स्पीड ट्रायल करेंगे।
प्लेटफॉर्म 7 से जुड़ेगा ट्रैक नीमच की ओर से आने वाला नया ट्रैक प्लेटफॉर्म सात पर आकर जुड़ेगा। इसके लिए प्लेटफॉर्म सात के दूसरी तरफ भी एक और प्लेटफॉर्म बनाया जा रहा है। रतलाम नीमच रेलवे लाइन दोहरीकरण का कार्य पूर्ण होने के बाद ट्रेन यात्रियों का सफर तो आसान होगा ही होगा साथ ही साथ समय की भी बचत होगी।
