मंदसौर जिले में 170 करोड़ से बनेंगी 30 सड़कें,106 करोड़ से पिपलियामंडी चौपाटी फ्लाईओवर और पुल का होगा निर्माण

Mandsaur News: मध्यप्रदेश राज्य के उपमुख्यमंत्री व वित्तमंत्री जगदीश देवड़ा ने वर्ष 2026-27 के बजट में मंदसौर जिले को बड़ी सौगातें दी हैं। जिले में 170 करोड़ रुपए की लागत से 168 किलोमीटर लंबी 30 सड़कों के निर्माण को मंजूरी दी गई है। साथ ही 63 करोड़ रुपए से पिपलियामंडी चौपाटी पर फ्लाईओवर और 43 करोड़ रुपए की लागत से मल्हारगढ़-मनासाखुर्द पुल निर्माण को भी स्वीकृति मिली है। दोनों बड़े प्रोजेक्ट मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र में हैं। जनप्रतिनिधियों ने इस पर मिली-जुली प्रतिक्रिया भी दी है। हालांकि इन निर्माण कार्यों से जनता को राहत मिलेगी। नई सड़कों से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क मजबूत होगा। कई मागों पर नवनिर्माण के साथ मरम्मत और उन्नयन कार्य भी किए जाएंगे। बजट में शामिल इन प्रोजेक्टों से यातायात सुगम होगा और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी। हालांकि कुछ बहुप्रतिक्षित मार्गों का बजट में जिक्र नहीं है, इससे संबंधित स्थानीयों ने नाराजगी भी जताई।
मनासाखुर्द पुल व फ्लाईओवर की लंबे समय से थी आस
बजट में जिले को जो राशि व सौगातें मिलीं, उनमें सबसे बड़े 2 प्रोजेक्ट है। मल्हारगढ़- मनासाखुर्द पुल और पिपलियामंडी फ्लाईओवर की लंबे समय से मांग की जा रही थी। बजट में दोनों बड़े प्रोजेक्ट को स्वीकृति मिल गई है। पिपलियामंडी चौपाटी पर 63 करोड़ 27 लाख रुपए की लागत से फ्लाईओवर बनाया जाएगा। यहां ट्रैफिक दबाव लगातार बढ़ रहा था और जाम की स्थिति बनती थी। फ्लाईओवर बनने से यातायात सुगम होगा।
वहीं मल्हारगढ़ के मनासाखुर्द में पुल सहित 3 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 43 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। बरसात के दौरान यहां आवागमन प्रभावित होता था। पुल और सड़क बनने से क्षेत्र के ग्रामीणों को राहत मिलेगी। दोनों प्रोजेक्ट से मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी। (Mandsaur News)






