महिला को 10 मीटर तक घसीटते ले गया लेपर्ड:घर में घुसकर सिर-गर्दन से पकड़कर खींचा, दीवार फांदने से पहले बेटे ने बचाया

सवाई माधोपुर में लेपर्ड ने घर में सो रही 78 साल की महिला पर अटैक कर दिया। उसने महिला के सिर-गर्दन को मुंह में दबाया और 10 मीटर तक घसीट ले गया। दीवार फांदकर ले जाने की कोशिश की, लेकिन महिला के बेटे ने हिम्मत दिखाते हुए बचा लिया। परिवार के शोर मचाने पर लेपर्ड महिला को छोड़कर भाग गया। घटना रविवार रात करीब 12 बजे टोडरा गांव में हुई।
सूचना पर वन विभाग की टीम ने घायल महिला को जिला हॉस्पिटल में भर्ती कराया। महिला के सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें आई हैं। सोमवार सुबह करीब 11 बजे घटना से गुस्साए लोग फलोदी रेंज ऑफिस पहुंच गए। सड़क को जाम कर दिया और ऑफिस में घुसकर तोड़फोड़ कर दी।
पहले देखें … घटना से जुड़ी PHOTOS

महिला के सिर और गर्दन में लेपर्ड के दांत घुस गए। घायल महिला को जिला हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया।

घटना से आक्रोशित लोग सोमवार सुबह फलोदी रेंज ऑफिस पहुंच गए और सड़क जाम कर दी।

ग्रामीणों ने रेंज कार्यालय में घुसकर तोड़फोड़ कर दी।
मुंह में दबोचकर दीवार पर चढ़ गया लेपर्ड
टोडरा गांव निवासी विनोद कुमार ने बताया- रविवार रात परिवार के सभी लोग घर में सो रहे थे। मेरी मां लीला देवी (78) घर के चौक में चारपाई पर सो रही थीं।
रात करीब 12 बजे एक लेपर्ड दीवार फांदकर घर में घुस आया और मां पर हमला कर दिया। उसने गर्दन और सिर को मुंह में दबोच लिया। करीब 10 मीटर तक घसीटते हुए ले गया।
मां की चीख सुनकर परिवार के सभी लोग जाग गए। तब तक लेपर्ड मां को मुंह में दबोचे हुए दीवार पर चढ़ गया था और उन्हें दूसरी तरफ खींचने की कोशिश कर रहा था।
मैंने दौड़कर मां के पैर पकड़ लिए। इतने में परिवार के बाकी लोग भी वहां पहुंच गए। सभी के शोर मचाने पर लेपर्ड मां को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।
सिर और गर्दन में घुसे दांत
हमले में लेपर्ड के दांत महिला के सिर और गर्दन में घुस गए, जिससे वह गंभीर घायल हो गईं। घटना के तुरंत बाद परिजनों ने वन विभाग को सूचना दी।
वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को जिला हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
रेंज ऑफिस में घुसकर तोड़फोड़
सोमवार दोपहर करीब 11 बजे बड़ी संख्या में लोग फलोदी रेंज ऑफिस के बाहर पहुंच गए। रोड पर जाम लगा दिया। गुस्साए लोगों ने रेंज ऑफिस में घुसकर तोड़फोड़ भी की। सूचना पर रवाजना डूंगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाया।
थानाधिकारी श्याम सुंदर ने बताया- वन विभाग की ओर से तोड़फोड़ को लेकर कोई शिकायत नहीं दी गई है। ग्रामीणों में लेपर्ड के लगातार हो रहे हमलों को लेकर आक्रोश है। उनकी मांग है कि लेपर्ड के खतरे से सुरक्षा मुहैया कराई जाए।
वन विभाग की टीम रात में कर रही गश्त
फलोदी रेंज की फॉरेस्टर सुमन गुर्जर ने बताया- लेपर्ड की लगातार आवाजाही को देखते हुए वन विभाग ने आबादी वाले इलाकों में लोगों को सतर्क रहने के लिए अनाउंसमेंट शुरू कर दिया है। विभाग का स्टाफ रात के समय लगातार गश्त कर रहा है, ताकि किसी अन्य घटना को रोका जा सके।