राजस्थान में रोडवेज बस और कार की भीषण भिड़ंत, 4 सगे भाइयों की मौके पर ही मौत

राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में चार सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसा पाटोदी कस्बे के पास उस समय हुआ, जब एक रोडवेज बस और कार के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चारों भाइयों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
चारों की पहचान कोडूका गांव निवासी उदाराम (39 वर्ष), रेखाराम (35 वर्ष), जोगाराम (31 वर्ष) और विशनाराम (29 वर्ष) के रूप में हुई. प्राप्त जानकारी के अनुसार, चारों भाई मकान निर्माण का कार्य करते थे और रोजाना अलग-अलग जगह काम पर जाते थे. बताया जाता है कि मंगलवार 16 जून को वे एक ही स्थान पर काम होने के कारण कार से कालेवा गांव जा रहे थे. इसी दौरान पाटोदी गांव के पास सामने से आ रही जोधपुर की ओर जा रही रोडवेज बस से उनकी कार की टक्कर हो गई.
लोगों की मदद से निकाले गए शव
हादसे की सूचना मिलते ही पचपदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे शवों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. पुलिस ने दुर्घटनास्थल का मौका मुआयना कर मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने पाटोदी रोड पर जाम लगाकर रोडवेज बस चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग की. सूचना पर पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाइश दी.
