नीमच

Neemuch News: नीमच शहर में वैभव नगर ब्रिज पर अगस्त में दौड़ेंगे वाहन, निर्माण कार्य ने पकड़ी रफ्तार

Neemuch News: नीमच शहर में प्राइवेट बस स्टैंड और वैभव नगर को जोड़ने वाली जर्जर रपट की जगह बन रहे नए ब्रिज का निर्माण कार्य एक बार फिर तेज गति से शुरू हो गया है। करीब डेढ़ करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस पुल में फाउंडेशन कार्य पूरा होने के बाद अब पिलरों का निर्माण किया जा रहा है।

नगरपालिका का दावा है कि बारिश शुरू होने से पहले पिलर और स्लैब का काम पूरा कर दोनों सिरों को जोड़ दिया जाएगा जबकि फिनिशिंग कार्य बारिश के दौरान भी चलता रहेगा। लक्ष्य जुलाई-अगस्त तक पुल को आवागमन के लिए शुरू करने का है।

यह मार्ग शहर के सबसे व्यस्त संपर्क मागों में शामिल है। वैभवनगर, पटवा कॉम्प्लेक्स, शहाबुद्दीन बाबा दरगाह क्षेत्र सहित सात से अधिक कॉलोनियों को यह सीधे प्राइवेट बस स्टैंड और नीमच मंदसौर शहरी हाईवे से जोड़ता है। मंदसौर की ओर से आने वाली अधिकांश बसें भी इसी मार्ग से बस स्टैंड पहुंचती हैं। प्रतिदिन 25 हजार से अधिक लोगों का आवागमन इस रास्ते से होता है।

छह वर्षों से रपट जर्जर स्थिति में थी। 2022 में पुल निर्माण का प्रस्ताव बना लेकिन तब केवल मरम्मत कर काम चलाया। पिछले वर्ष बारिश में रपट का बड़ा हिस्सा बह जाने के बाद आवागमन बंद करना पड़ा। इसके बाद नगरपालिका ने 1.50 करोड़ रुपए की लागत से पुल निर्माण स्वीकृत कर टेंडर प्रक्रिया पूरी की।

इस वर्ष प्रारंभ में वर्क ऑर्डर जारी होने के बाद निर्माण शुरू हुआ लेकिन बीच में काम धीमा पड़ गया था। अब दोबारा तेजी आई है। पुल कुल सात पिलरों पर बनाया जा रहा है। दोनों किनारों के पिलरों के साथ बीच के पांच पिलरों का निर्माण तेजी से चल रहा है। बस स्टैंड की तरफ का पिलर लगभग तैयार हो चुका है, जबकि बीच के अधिकांश पिलर आधी से अधिक ऊंचाई तक बन चुके हैं। नगरपालिका के अनुसार मई अंत तक पिलर कार्य और जून तक स्लैब निर्माण पूरा करने की तैयारी है, ताकि बारिश में आवागमन प्रभावित न हो।

नए ब्रिज की लंबाई करीब 45 मी. व ऊंचाई 5 मीटर

प्राइवेट बस स्टैंड-वैभव नगर मार्ग रपट की जगह नए ब्रिज की लंबाई करीब 45 मीटर होगी। चौड़ाई 7 मीटर और ऊंचाई करीब 5 मीटर। ब्रिज पर राहगीरों के लिए दोनों तरफ पाथवे का भी प्रावधान रखा गया। ताकि राहगीरों का आवागमन में दिक्कत न हो। यह कुल सात पिलर पर खड़ा होगा।

निर्माण कार्य की निरंतर मॉनिटरिंग भी की जा रही

दुर्गा बामनिया, सीएमओ नपा नीमच ने बताया कि प्राइवेट बस स्टैंड-वैभव नगर के बीच ब्रिज निर्माण कार्य गति से चल रहा है। कार्य की निरंतर मॉनिटरिंग भी की जा रही है। ताकि समय पर कार्य पूर्ण होकर जनता के आवागमन के लिए इसे खोला जा सके। (Neemuch News)

Back to top button