चाइनीज मांझे में फंसा दुर्लभ पक्षी ग्रे हॉर्नबिल, रेस्क्यू कर सुरक्षित छोड़ा पिपलिया सहकारी दाल मिल के पास पेड़ पर मिला

Neemuch News: शासन द्वारा प्रतिबंध के बावजूद पिपलियामंडी क्षेत्र में चाइनीज मांझा बिक रहा है। यह मांझा लगातार पक्षियों के साथ-साथ आम नागरिकों के लिए भी जानलेवा साबित हो रहा है। मंगलवार सुबह पिपलिया सहकारी दाल मिल के पास एक दुर्लभ ‘ग्रे हॉर्नबिल’ पक्षी चाइनीज मांझे में उलझकर पेड़ पर फंस गया। उसे नीचे उतारने के प्रयास में पक्षी नाले में जा गिरा, जहां वह और अधिक फंस गया। पक्षी के लगातार फड़फड़ाने से उसके पंख और पैर बुरी तरह जकड़ गए थे। मांझा बेहद धारदार होने के कारण उसकी हालत गंभीर हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पर्यावरण प्रेमी नरेंद्र राठौर मौके पर पहुंचे। उनके साथ वार्ड दरोगा अजय राठौर, विनोद गौड़ और नागेश्वर ने तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
टीम ने काफी मशक्कत के बाद नाले में फंसे पक्षी को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद सावधानीपूर्वक उसके पंखों और पैरों में उलझे चाइनीज मांझे को काटकर हटाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद जब यह सुनिश्चित हो गया कि पक्षी पूरी तरह सुरक्षित है, तब उसे खुले वातावरण में छोड़ दिया गया।
