यूपी में सरकारी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 3% बढ़ा:अब 63% मिलेगा, इस साल 5% की बढ़ोतरी; 28 लाख को फायदा

योगी सरकार ने दिवाली पर सरकारी कर्मियों और पेंशनर्स को बड़ा तोहफा दिया है। सरकार ने कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (DA) 60% से बढ़ाकर 63% कर दिया है। बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता 1 जुलाई 2026 से लागू होगा।
प्रदेश में 16 लाख कर्मचारी और 12 लाख पेंशनर्स हैं। यानी, कुल 28 लाख कर्मचारियों को इसका फायदा मिलेगा। कर्मचारियों को नवंबर की सैलरी के साथ बढ़े हुए DA का पैसा मिलेगा। वहीं, जुलाई से अक्टूबर तक का बकाया पैसा (एरियर) उनके PF खाते में जमा किया जाएगा।
वहीं, पेंशनर्स के बढ़े हुए महंगाई भत्ते का एरियर उनके पेंशन खाते में जमा किया जाएगा। इस फैसले का लाभ राज्य कर्मचारियों के अलावा सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों, प्राविधिक शिक्षण संस्थानों और नगर निकायों के कर्मचारियों को भी मिलेगा।
इससे पहले, मई में सरकार ने महंगाई भत्ते में 2% की बढ़ोतरी की थी। यानी साल 2026 में कर्मचारियों और पेंशनर्स के महंगाई भत्ते में 5% की बढ़ोतरी कर दी गई है।
सैलरी में कितनी होगी बढ़ोतरी? समझिए कैलकुलेशन
महंगाई भत्ते की गणना कर्मचारी की बेसिक सैलरी के आधार पर की जाती है। उदाहरण से समझते हैं कि इस 3% की बढ़ोतरी से यूपी सरकार के कर्मचारियों की जेब में कितने रुपए बढ़ेंगे।
मान लीजिए किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी ₹30,000 है। 60% DA के हिसाब से उसे पहले ₹18,000 मिलते थे। अब 63% DA के हिसाब से ₹18,900 मिलेंगे। इस हिसाब से सैलरी में ₹900 बढ़ेंगे।
इसी तरह, जिन कर्मियों की बेसिक सैलरी ₹1 लाख या उससे ज्यादा है, उनकी मासिक तनख्वाह में ₹3,000 से लेकर ₹6,000 तक की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
पिछले साल भी 2 बार बढ़ा था महंगाई भत्ता
यूपी सरकार ने 2025 में भी दो बार DA में बढ़ोतरी की थी। पहली बार अप्रैल में DA 53% से बढ़ाकर 55% किया गया था। बढ़ा हुआ वेतन 1 जनवरी 2025 से दिया गया था। दूसरी बार अक्टूबर में DA 55% से बढ़ाकर 58% कर दिया गया था। बढ़ा हुआ वेतन 1 जुलाई, 2025 से दिया गया था।