Badwani News: तीन साल बाद भी नहीं बन सका स्कूल भवन, घर में लग रहा स्कूल

Badwani News: बड़वानी जिले की वरला तहसील की ग्राम पंचायत हिंगवा के नवाड़ फलिया में शासकीय माध्यमिक स्कूल भवन 7 साल पहले टोरी तालाब के डूब क्षेत्र में चला गया था। अभी नया भवन नहीं मिल पाया है। मुआवजा राशि और जमीन ढूंढ़ने में समय लगा। तीन वर्ष पहले भवन का काम शुरू किया गया था जो अभी भी अधूरा है। फिनिशिंग का काम बाकी है।
वर्तमान में स्कूल निजी भवन में लग रहा है। ऐसे में विद्यार्थी और शिक्षक भी परेशान है। हिंगवा गांव के पास टोरी तालाब का निर्माण कराया गया। इसके बनने के बाद नवाड़ फलिया का शासकीय माध्यमिक स्कूल भवन इसके डूब क्षेत्र में चला गया। नया भवन बनाने के लिए जल संसाधन विभाग से मुआवजा राशि जारी होने में समय लगा।
इसके बाद वन क्षेत्र होने से भवन बनाने के लिए जमीन नहीं मिलने की समस्या हुई। गांव के रहवासी ने जमीन दान दी। तीन साल पहले भूमिपूजन कर काम शुरू किया गया, लेकिन धीमी गति से काम चला जो अब तक पूर्ण नहीं हुआ। अभी भी भवन अधूरा है। इसमें प्लास्टर, टाइल्स लगाने आदि काम बाकी है। ग्रामीणों के अनुसार भवन के भूमि पूजन से लेकर अब तक ग्रामीणों ने हर कार्य में सहयोग किया। भवन निर्माण के लिए जमीन दान में दी। लेकिन निर्माण कार्य समय पर नहीं किया गया। तीन वर्ष में भी भवन पूर्ण नहीं हो पाया है। इससे विद्यार्थी परेशान हैं। प्रधान पाठक और शिक्षक स्कूल अस्थाई तौर पर अलग-अलग स्थानों पर लगाने को मजबूर हो रहे हैं। जनपद पंचायत और शिक्षा विभाग जल्द ही भवन का निर्माण पूर्ण कराए।
वर्तमान में घर में चला रहे स्कूल
माध्यमिक स्कूल भवन डूब में जाने के बाद स्कूल संचालन की समस्या हुई। पहले गांव में ही स्थित पुराने स्कूल भवन में संचालन शुरू किया गया। ये जर्जर होने से बारिश में समस्या हो रही थी। इसके बाद गांव में एक व्यक्ति के घर में स्कूल लगाया गया। भवन के अभाव में स्कूल संचालन में समस्या आ रही है। इससे बच्चे और शिक्षक भी परेशान हैं। कुछ पालकों ने बच्चों का दाखिला भी निकालकर दूसरे स्कूल में प्रवेश दिलाया।
पूर्व में भी की थी कार्रवाई
काजल जावला, सीईओ, जिला पंचायत, बढ़वानी ने बताया कि सेंधवा जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत हिंगवा में स्कूल भवन के मामले को पूर्व में भी संज्ञान में लेकर लापरवाही बरतने वाले सचिव पर कार्रवाई की गई थी। निर्माण कार्य की सतत निगरानी रखी जा रही है। शीघ्र ही काम पूर्ण कराएंगे।












