मंदसौर

मंदसौर शहर में स्वच्छ सर्वेक्षण में पिछड़ी थी नपा, अब 1.25 करोड़ रुपए से व्यस्ततम इलाकों में बनाएगी 9 टॉयलेट्स

Mandsaur News: मंदसौर शहर में जल्द ही 1.25 करोड़ रुपए से शौचालयों का निर्माण किया जाएगा, ताकि शहर में स्वच्छता की स्थिति को बेहतर किया जा सके। 9 शौचालयों में 5 आदर्श, 3 सामुदायिक व 1 सार्वजनिक शौचालय बनेंगे। इनके बूते स्वच्छ सर्वेक्षण में हमारी रैंकिंग सुधरने के आसार हैं, क्योंकि गत वर्ष में नंबर यहां भी कटे थे। इसके अलावा शहर के करीब 40 वाडों में स्वच्छता की स्थिति में भी सुधार आएगा। इसका सीधा फायदा यह भी होगा कि शहर में बाहर से आने वाले यात्रियों को भी आसानी से ये सुविधाएं मिल जाएंगी। जिले में अभी 19 सार्वजनिक शौचालय हैं, जो पुराने समय से बने हुए हैं। समय के साथ आबादी व क्षेत्र में विस्तार के हिसाब से नए बनने वाले शौचालयों से संख्या बढ़ जाएगी। इस पूरे प्रोजेक्ट की समय-सीमा करीब 1 साल है। यानी सालभर में तैयार होने के बाद ये उपयोग में लिए जा सकेंगे। शौचालयों को लेकर टेंडर प्रक्रिया हो चुकी है, अब जल्द ही इनका निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।

बता दें कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में मंदसौर नपा को स्टेट लेवल पर 78वीं रैंकिंग मिली थी, जबकि वेस्ट जोन नेशनल लेवल पर 65वीं रैंक थी। ठीक एक साल पहले यानी 2023-24 में स्टेट पर मंदसौर नपा 15वें नंबर पर थी व नेशनल में 51वें। स्वच्छ सर्वेक्षण में सामने आया था कि टॉयलेट की बदह्यली व आस-पास के क्षेत्र स्वच्छ न होने से नंबरों में कटौती हुई थी। ऐसे में उम्मीद की जा सकती है कि इन टॉयलेट के निर्माण से न सिर्फ आमजनों को सुविधा मिलेगी, बल्कि स्वच्छ सर्वेक्षण में हमारी रैंकिंग भी सुधरेगी। सार्वजनिक शौचालयों के लिए ऐसी जगहें चिह्नित की गई हैं जहां आवाजाही अधिक रहती है, जैसे मंडी, घंटाघर, बस स्टैंड व अन्य स्थान।

30 पोर्टेबल यूरिनल लगे थे लेकिन वे खस्ताहाल

नगरपालिका ने 2018 में शहर के लिए 30 लाख रुपए से 30 पोर्टेबल यूरिनल खरीदे थे। इनका रखरखाव ठीक से नहीं होने से सब खस्ताहाल हो गए। फिर 2024 में नपा ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत तरणताल के सामने, गुप्ता चौराहा, कॉलेज ग्राउंड सहित 28 जगहों को चिह्नित किया। यहां 55 लाख रुपए से यूरिनल बनना प्रस्तावित है। इनमें कुछ जगहों पर महिला तो कुछ जगहों पर पुरुष यूरिनल रहेंगे। न स्वास्थ्य अधिकारी हेमचंद्र शर्मा का कहना है कि निर्माण कार्य जारी है। वहीं अभी शहर में 19 शौचालय हैं, जिनका उपयोग आमजनों द्वारा किया जा रहा है।

Back to top button