मंदसौर

Mandsaur News: लहसुन की बंपर आवक ने बिगाड़ा यातायात, मनासा सड़क पर जाम में घंटों फंसे रहे वाहन

Mandsaur News: कृषि उपज मंडी पिपलिया में इन दिनों लहसुन की बंपर आवक हो रही है लेकिन इसके अनुरूप न तो मंडी प्रशासन ने कोई ठोस व्यवस्था की है और न ही यातायात नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इसका नतीजा यह रहा कि शुक्रवार रात करीब 8 बजे मुख्य मनासा मार्ग पर अचानक लंबा जाम लग गया। इसमें सैकड़ों वाहन फंस गए और लोगों को घंटों परेशान होना पड़ा। वर्तमान में बाहर के जिलों से भी बड़ी संख्या में लहसुन से भरे ट्रक, ट्रैक्टर-ट्रॉली व पिकअप वाहन मंडी पहुंच रहे हैं। मंडी परिसर में पर्याप्त स्थान उपलब्ध न होने के कारण मंडी प्रशासन द्वारा इन वाहनों को मनासा मार्ग पर खड़ा करवा दिया जाता है। लेकिन मौके पर किसी प्रकार की निगरानी या दिशा-निर्देश नहीं होने से वाहन चालक अपनी सुविधा के अनुसार वाहन खड़े कर देते हैं।

मंडी में जल्दी प्रवेश करने की होड़ में वाहन चालक सड़क के एक ओर पूरी तरह मार्ग बंद कर देते हैं। इससे आम वाहनों की आवाजाही रुक जाती है। शुक्रवार रात भी यही स्थिति बनी और देखते ही देखते मनासा मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। दोपहिया, चारपहिया वाहन व अन्य जरूरी सेवाओं के वाहन भी जाम में फंसे रहे। जाम लगने के काफी समय बाद तक न तो मंडी प्रशासन का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचा और न ही पुलिस बल की तैनाती की गई। वाहन चालक और राहगीर खुद ही रास्ता निकालने की कोशिश करते रहे। इससे स्थिति और अधिक अव्यवस्थित हो गई।

नागरिकों और व्यापारियों ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। लहसुन सीजन में आए दिन इसी तरह जाम की समस्या उत्पन्न होती है। लोगों का कहना है कि यदि मंडी परिसर में अस्थायी पार्किंग, अलग से प्रवेश-निकास मार्ग और पुलिस की ड्यूटी लगाई जाए तो जाम की समस्या से निजात मिल सकती है।

Back to top button