कारोबार

Soybean Rate Hike: सोयाबीन की कीमतों में आया उछाल, मप्र में भावांतर योजना बंद होते ही बढ़े दाम

Soybean Price Update: मप्र में सोयाबीन की कीमतों में बड़ी तेजी देखने को मिली है। भावांतर योजना में खरीदी बंद होने के साथ ही सोयाबीन के भाव में तेजी आना शुरू हो गई है। शनिवार को मंडी में अच्छी क्वालिटी की सोयाबीन (Soybean Rate Hike) 5600 रुपए प्रति क्विंटल तक बिकी। इस सीजन में पहली बार सोयाबीन इस भाव पर पहुंची है। सराफा व्यापारियों के मुताबिक आगे भी भाव में सुधार की उम्मीद है और आने वाले दिनों में सोयाबीन महंगी ही बिकेगी।

भावांतर योजना के तहत खरीदी 24 अक्टूबर 2025 से शुरू होकर 15 जनवरी 2026 तक चली। इस दौरान सोयाबीन समर्थन मूल्य से भी नीचे 4300 से 5200 रुपए प्रति क्विंटल तक बिकी, जबकि औसत भाव करीब 4500 रुपए प्रति क्विंटल के आसपास रहे। अब खरीदी बंद होते ही बाजार में तेजी आई है और सोयाबीन रतलाम मंडी में (Soybean Rate in Ratlam Mandi) 4000 से 5600 रुपए प्रति क्विंटल के बीच बिक रही है। औसत भाव भी बढ़कर करीब 5000 रुपए प्रति क्विंटल पहुंच गए हैं। भाव में रोजाना बढ़ोतरी देखी जा रही है।

रतलाम मंडी में घटी सोयाबीन की आवक

भावांतर योजना में खरीदी बंद होने के बाद एक तरफ जहां सोयाबीन की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिली है वहीं दूसरी तरफ रतलाम मंडी में सोयाबीन की आवक भी कम हो गई है। शनिवार को मंडी में करीब 1200 क्विंटल की आवक रही जबकि पहले प्रतिदिन करीब 3000 बोरी सोयाबीन की आवक होती थी। अब धीरे-धीरे आवक में गिरावट आ रही है।

5800 तक पहुंच सकते हैं सोयाबीन के भाव

मंडी के प्रमुख व्यापारी और अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के मंडी अध्यक्ष विमल जैन ने बताया कि सोयाबीन की आवक आधी से भी कम रह गई है। वहीं डीओसी की मांग बनी हुई है और प्लांट की स्थिति भी सुधरी है। इसी कारण भाव में तेजी आ रही है। आगे भाव में और सुधार की पूरी संभावना है और कीमत 5800 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच सकती है।

Back to top button