कारोबार

Today Bhav: तुअर दाल के भाव तेज, तीन हफ्ते में 14 रु. तक बढ़े दाम

Pigeon Pea Rate Today: जनवरी महीने में तुअर दाल के भाव में तेज तेजी देखने को मिली है। एक जनवरी को खुदरा बाजार में तुअर दाल के भाव 98 से 100 रुपए प्रति किलो थे, जो 23 जनवरी तक बढ़कर 111 से 112 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गए। यानी तीन सप्ताह में ही 12 से 14 रुपए प्रति किलो की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ब्रांडेड तुअर दाल के भाव में भी इसी अवधि में करीब 20 रुपए प्रति किलो का उछाल आ चुका है। मंडी स्तर पर भी तुअर दाल की कीमतों में खासी तेजी देखी गई। छावनी दलहन मंडी में एक जनवरी को महाराष्ट्र सफेद तुअर के भाव 6650 से 6750, महाराष्ट्र लाल 6800 से 6900, कर्नाटक 6900 से 7000, कर्नाटक नई 7400 से 7500, तुअर निमारी 6000 से 6500 और निमारी नई 6000 से 7000 रुपए प्रति क्विंटल रहे। वहीं 23 जनवरी को महाराष्ट्र सफेद 7100 से 7500, महाराष्ट्र लाल 7300 से 7700, कर्नाटक नई 7900 से 8000 और निमाड़ी नई तुअर 6300 से 7400 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच गई है।

देशी व आयातित तुअर में भी तेजी

बेहतर लेवाली के चलते देशी तुअर की कीमतों में 100 से 200 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गई है। देशी तुअर की तेजी का असर आयातित तुअर पर भी दिखा और उसमें भी 100 से 200 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी देखी गई। सीमित सप्लाई और मजबूत मांग के चलते तुअर बाजार में तेजी का माहौल बना हुआ है और निकट भविष्य में भी भाव मजबूत बने रहने की संभावना जताई जा रही है।

तुअर बाजार में तेजी का रुख अभी भी बना हुआ है। व्यापारियों के अनुसार मांग मजबूत बनी हुई है, जबकि मंडियों में आवक कमजोर रहने से कीमतों को लगातार समर्थन मिल रहा है। मकर सक्रांति और पोंगल जैसे प्रमुख त्योहारों के कारण उत्पादक क्षेत्रों से मंडियों में तुअर की आवक अपेक्षाकृत कम रही, जिससे सप्लाई पक्ष कमजोर बना रहा। उत्पादक मंडियों में तुअर की आवक सामान्य से कम बताई जा रही है।

Back to top button