मनासा में इंटरनेशनल स्तर का स्विमिंग पूल तैयार, अप्रैल में होगा लोकार्पण

Mandsaur News: इंदौर और मंदसौर के बाद अब मनासा में भी इंटरनेशनल स्तर का स्विमिंग पूल तैयार है। 8 साल से इस सुविधा का इंतजार कर रहे युवाओं को जल्द ही राहत मिलेगी। नगर परिषद ने अप्रैल में लोकार्पण कर इसे आमजन को समर्पित करने की तैयारी कर ली है। इस स्विमिंग पूल के बनने से क्षेत्र के युवाओं को सबसे अधिक लाभ मिलेगा।
2018 में रखी गई थी इंटरनेशनल स्विमिंग पूल की आधारशिला
नगर के सांडिया रोड स्थित वृंदावन गार्डन के पीछे वर्ष 2018 में इसकी आधारशिला रखी थी। भूमि आवंटन और फंड की कमी के कारण निर्माण बार-बार बाधित हुआ। बाद में विधायक अनिरुद्ध माधव मारू और परिषद अध्यक्ष डॉ. सीमा तिवारी के प्रयासों से वित्तीय स्वीकृति मिलने पर काम पूरा किया जा सका।
60000 लीटर पानी भराव की है क्षमता
4.50 करोड़ रुपए से बने इस स्वीमिंग पूल का आकार 25+50 मीटर है। इसमें लगभग 60 हजार लीटर पानी भराव की क्षमता है। हर 8 दिन में पानी फिल्टर करने के लिए आधुनिक फिल्ट्रेशन सिस्टम लगाया है। पूल परिसर में महिला-पुरुषों के लिए अलग चेंजिंग रूम, वेटिंग एरिया, गेस्ट रूम, लेट-बाथ और मेडिकल स्टाफ के लिए कक्ष भी बनाए हैं।













