भारत को एशियन गेम्स में छठा गोल्ड:4×400 विमेंस रिले रेस में सोना जीता, गुलवीर की हैट्रिक; लगातार छठी बार भारत के 50 मेडल

भारतीय महिला टीम ने 4×400 मीटर रिले में 3 मिनट 29.69 सेकेंड के समय के साथ गोल्ड जीता। यह भारत का एशियन गेम्स में छठा गोल्ड है। इसके साथ भारत ने लगातार छठी बार 50 मेडल जीता। टीम ने 2006 के बाद से हर बार 50 मेडल जीते हैं।
इससे पहले मंगलवार को गुलवीर सिंह ने 5000 मीटर में ब्रॉन्ज जीतकर मेडल की हैट्रिक पूरी की। उन्होंने 13 मिनट 42.75 सेकेंड में रेस पूरी की और ऐसा करने वाले पहले भारतीय पुरुष धावक बने। इससे पहले वह 10 हजार और 1500 मीटर में सिल्वर जीत चुके हैं।
वहीं नीरू ढांडा ने विमेंस ट्रैप शूटिंग में गोल्ड जीतकर इतिहास रचा। 10 दिन पहले फ्लू के कारण अस्पताल में भर्ती रहीं नीरू इस इवेंट में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं।
इसके अलावा भारत ने 4×100 मीटर मिक्स्ड रिले में ब्रॉन्ज जीता। टीम ने 41.06 सेकेंड में रेस पूरी की।
नीरू के कोच ने कहा- निशाने पर ध्यान लगाओ
10 दिन पहले जब नीरू फ्लू की वजह से हॉस्पिटल में एडमिट थीं, तो 5 दिनों तक कुछ खा-पी नहीं पाई थीं। तब उनके कोच मनशेर सिंह ने उन्हें बीमारी भुलाकर अपना सब कुछ झोंक देने के लिए प्रेरित किया था।
जीत के बाद नीरू ने कहा, ‘मनशेर सर ने बस यही कहा कि जो हुआ उसे भूल जाओ और निशाने पर ध्यान लगाओ, और मैंने वही किया।’

भारत को 5वां गोल्ड मिला, शूटिंग में दूसरा
यह भारत का एशियन गेम्स 2026 में 5वां गोल्ड है। यह व्यक्तिगत स्पर्धा का पहला गोल्ड है। शूटर्स ने भारत को दूसरा स्वर्ण पदक दिलाया है।
पहला गोल्ड पिस्टल शूटिंग के मिक्स्ड इवेंट में आया। इससे पहले 8 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल दिला चुके हैं। शूटिंग में अब तक 14 मेडल आ चुके हैं।