मंदसौर

Mandsaur News: मंदसौर में पहली बार होगा गुजराती बलाई समाज का सामूहिक विवाह सम्मेलन, 23 को शोभायात्रा

Mandsaur News: नगर में पहली बार राष्ट्रीय गुजराती बलाई सामाजिक विकास समिति की ओर से समाज का प्रथम सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सोमवार को अंतिम तैयारियों के तहत समाजजनों ने गांव-गांव जाकर सम्मेलन के आमंत्रण दिए। सामूहिक विवाह सम्मेलन सीतामऊ में बसंत पंचमी के दिन 23 जनवरी को आयोजित होगा। सम्मेलन में कुल 8 जोड़े विवाह बंधन में बंधेंगे। इनमें से एक जोड़ा भगवान शालिग्राम के रूप में होगा, जिनका विवाह सामूहिक विवाह सम्मेलन में तुलसी माता के साथ किया जाएगा। भगवान सहित कुल 8 जोड़े इस प्रथम सामूहिक विवाह सम्मेलन में भाग लेंगे।

23 जनवरी को शोभायात्रा भी निकाली जाएगी। गुजराती बलाई समाज श्रीराम जानकी मंदिर से भगवान की बारात के साथ शोभायात्रा प्रारंभ होगी। इसमें एक बैंड, 11 ढोल, दो तोप और आतिशबाजी के साथ हजारों की संख्या में समाजजन शामिल होंगे। मंदिर से भगवान शालिग्राम रथ में विराजमान रहेंगे। साथ ही सभी वर-वधुओं की बिंदोली भी शोभायात्रा के साथ निकलेगी। सातों वर घोड़ियों पर सवार रहेंगे, जबकि दुल्हनें अपनी-अपनी कारों में रहेंगी।

सामूहिक विवाह सम्मेलन समिति के अध्यक्ष धीरज चौधरी और कोषाध्यक्ष विनोद पारखी ने बताया कि बसंत पंचमी के दिन सभी बारातों को सुबह 8 बजे मोड़ी माता मंदिर पर बुलाया गया है। यहां से भव्य शोभायात्रा और भगवान की बारात के साथ सभी बारातें श्री राधाबावड़ी हनुमान मंदिर के पीछे स्थित महाराणा प्रताप स्टेडियम पहुंचेंगी। मुख्य आयोजन स्थल भी वही रहेगा। विवाह सम्मेलन की संपूर्ण जिम्मेदारी गायत्री परिवार द्वारा संभाली जाएगी। साथ ही सात जोड़ों को मुख्यमंत्री कन्या विवाह-निकाह योजना का लाभभी दिलवाया जाएगा। जिलाध्यक्ष घनश्याम धाणक ने बताया कि जिले के 56 गांवों के समाज बंधुओं को इस प्रथम सामूहिक विवाह सम्मेलन के लिए निमंत्रण भेजे गए हैं।

Back to top button