Small Cardamom Rate Hike: आवक घटने से छोटी इलायची के भाव हुए मजबूत, नई फसल जुलाई-अगस्त में आने की संभावना

Today Small Cardamom Rate: स्थानीय सिवागंज थोक किराना बाजार में छोटी इलायची के भाव लगातार मजबूत बने हुए हैं। बाजार में लग्नसरा मांग के साथ आगामी त्योहारों को देखते हुए खरीदी बनी हुई है, जिससे कारोबारियों का रुझान ऊंचे भावों पर भी बना हुआ है। व्यापारियों के अनुसार घरेलू खपत के साथ होटल, कैटरिंग और मसाला उद्योग की मांग निकलने से बाजार में तेजी का माहौल है।
जानकारों का कहना है कि मौजूदा स्तर पर छोटी इलायची के भाव में फिलहाल मंदे की कोई ठोस वजह नजर नहीं आ रही है। इसका प्रमुख कारण सीजन का धरि-धीरे अंत की ओर बढ़ना है। आगामी दिनों में उत्पादक क्षेत्रों के नीलामी केंद्रों पर आवक में गिरावट आने की संभावना है। इसके साथ ही जो माल बाजार में आएगा, उसकी क्वालिटी भी हल्की रहने की आशंका है। ऐसे में अच्छी क्वालिटी की इलायची की उपलब्धता सीमित हो सकती है, जिसका सीधा असर भावों पर पड़ेगा।
नई फसल जुलाई-अगस्त में आने की संभावना
बाजार सूत्रों के मुताबिक नई फसल जुलाई-अगस्त माह में आने की संभावना है। तब तक पुरानी फसल पर ही बाजार की निर्भरता रहेगी। इस्त्री कारण कारोबारी और स्टॉकिस्ट माल को लेकर सतर्क हैं और बिकवाली सीमित रखे हुए हैं। इससे भावों को और सहारा मिल रहा है। मांग और सीमित सप्लाई के इस संतुलन ने बाजार को मजबूती दी है। उत्पादक केंद्रों पर कार्डमम प्लांटर्स एसोसिएशन संदमपारा की नीलामी में कुल 21251 किलो की आवक दर्ज की गई, जिसमें से 20628 किलो का व्यापार हुआ। नीलामी में अधिकतम भाव 2989 रुपए प्रति किलो तक बोले गए, जबकि एवरेज भाव 2445.50 रुपए प्रति किलो रहा। इससे साफ है कि अच्छी क्वालिटी के माल को ऊंचे भाव मिल रहे हैं। दिल्ली बाजार में भी इलायची के भाव पूर्व स्तर पर मजबूत बने हुए बताए जा रहे हैं। वहां भी सीमित आवक और स्थिर मांग के चलते बाजार में मजबूती का रुख है। कुल मिलाकर आगामी दिनों में छोटी इलायची के भाव तेज बने रहने की संभावना जताई जा रही है।





















