राजस्थान-तेज रफ्तार कार खाई में गिरी, 4 दोस्तों की मौत:टायर फटने से बेकाबू हुई, आगरा के रहने वाले थे, खाटूश्यामजी से लौट रहे थे

जयपुर जिले के रायसर में नेशनल हाईवे-148 (दौसा-मनोहरपुर) पर स्विफ्ट कार टायर फटने से खाई में गिर गई। कार में 6 दोस्त थे, इनमें से 4 की मौके पर ही मौत हो गई।
सीओ रामकिशन विश्नोई ने बताया कि एक्सीडेंट शुक्रवार सुबह 6 बजे रायसर थाना क्षेत्र में हुआ है। हादसे में दो युवक घायल हुए हैं।
इन्हें निम्स हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। सभी युवक आगरा (यूपी) के रहने वाले थे। खाटूश्यामजी से लौट रहे थे।

करीब एक घंटे तक जाम जैसे हालात
पुलिस के अनुसार एक्सीडेंट में आगरा के रामबाग के रहने वाले अतुल वार्ष्णेय (35), कालनदी विहार के मुकुल जायसवाल (21), रूपेश जाटव (25) और शिवा सिंह (20) की मौत हुई है।
वहीं, आगरा के ही नुनिहाई के रहने वाले राहुल शर्मा (36) और ब्लकेश्वर के अर्पित बंसल (20) घायल हैं। हादसे के बाद मनोहरपुर-दौसा नेशनल हाईवे लंबा जाम लग गया था।
करीब एक घंटे तक ट्रैफिक स्लो रहा। घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाने के बाद पुलिस ने ट्रैफिक क्लियर करवाया। क्रेन की मदद से कार को हटवाया गया।

राहुल ही गाड़ी चला रहा था। सभी दोस्त धार्मिक कार्यक्रम को लाइव करने आए थे।
खाटूश्यामजी में कार्यक्रम का यूट्यूब पर लाइव करने आए थे
अतुल के छोटे भाई रोहित वार्ष्णेय ने बताया- सुबह 7 बजे हादसे के बारे में सूचना मिली। भाई 21 अक्टूबर को आगरा से दोस्तों और स्टाफ के साथ खाटूश्यामजी गए थे। वहां पर उन्हें 22 अक्टूबर यानी एकादशी पर भजन-कीर्तन को यूट्यूब पर लाइव करना था। लाइव कवरेज के बाद वहां से निकले थे। कार भाई के नाम पर ही थी। कार उनका दोस्त राहुल शर्मा चला रहा था।
अतुल के तीन बेटियां हैं
रोहित वार्ष्णेय ने बताया- बड़े भाई अतुल की 2016 में सिम्मी वार्ष्णेय से शादी हुई थी। उनके 3 बेटियां हैं। रूद्रांशी (9), ख्याति (5) और तृषा (3 महीने)। पापा वीरेंद्र किराना की दुकान करते हैं। भाई शादियों में फोटोग्राफी के साथ यूट्यूब लाइव भी चलाते थे। भैया यूट्यूब चैनल चलाते थे।
अब देखिए- हादसे की PHOTOS…

पुलिस के अनुसार सभी युवक कार में बुरी तरह फंस गए थे। उन्हें ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला था।

पुलिस के अनुसार कार चकनाचूर हो गई है। अंदर से घायलों को निकालने में काफी परेशानी हुई।

जानकारी के अनुसार कार सवार सभी युवक फोटोग्राफर थे।
ओवरस्पीडिंग के कारण राजस्थान में बढ़ रहे एक्सीडेंट
ट्रांसपोर्ट और पुलिस डिपार्टमेंट के अलग-अलग डेटा के अनुसार राजस्थान देशभर में सड़क हादसों में छठे स्थान पर बना हुआ है। राज्य में वर्ष 2025 में हुए कुल 23,820 हादसों में से 15,647 दुर्घटनाएं तेज गति के कारण हुईं।
इनमें करीब 7,600 लोगों की जान गई। वर्ष 2025 में हादसे कम हुए, लेकिन मौतें ज्यादा हुई हैं। प्रदेश में 2024 के मुकाबले 2025 में 1,018 दुर्घटनाएं कम हुईं, लेकिन इसके बावजूद 307 अधिक लोगों की मौत हो गई।
कुल दुर्घटनाओं में से करीब 63 फीसदी हादसे ओवरस्पीडिंग के कारण हो रहे हैं।