Badwani News: पुल बनने से डेढ़ किमी का रास्ता तय कर जागीरदारपुरा घाट पर पहुंच सकेंगे श्रद्धालु, पांच गांव के किसानों को मिलेगा

Badwani News: सरदार सरोवर बांध का बैकवाटर फैलने से 5 गांवों के किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने के लिए 3 किमी की दूरी तय करना पड़ती थी। क्योंकि शहर के मंडी के पीछे सात मात्रा के पास नाले में बैकवाटर भर जाता था। इसके चलते किसानों को एकलरा गांव से घूमकर अपने खेतों तक पहुंचना पड़ता था। पिछले साल जागीरदारपुरा घाट का निर्माण होने से भक्तों को भी इसी रास्ते से आना-जाना करना पड़ता था। इस परेशा परेशानी को दूर करने के लिए एनवीडीए से 8 करोड़ रुपए की लागत से उच्च स्तरीय पुल का निर्माण किया जा रहा है। इस पुल के बनने से सात मात्रा मार्ग से जागीरदारपुरा घाट व खेतों तक पहुंचने की दूरी महज डेढ़ किमी रह जाएगी। बैकवाटर में कमी होने से कृषि मंडी के पीछे वाला सात मात्रा रोड से सीधे आवाजाही शुरू हो गई है। इस मार्ग पर एनवीडीए विभाग ने ठेकेदार के माध्यम से पुल निर्माण के लिए कार्य शुरू कर दिया है। इस पुल के बन जाने से बैकवाटर आने के बाद भी भक्त जागीरदारपुरा घाट और किसान अपने खेतों तक आसानी से आना-जाना कर सकेंगे। किसानों को उपज का परिवहन करने में डेढ़ किमी का अतिरिक्त फेरा नहीं लगाना पड़ेगा। पहले किसान नाव के सहारे अपने खेतों तक पहुंचते थे। नया पुल बन जाने से वाहन सीधे खेतों तक पहुंच सकेंगे। इससे उन्हें उपज लाने ले जाने में परेशानी नहीं आएगी। पुल निर्माण होने से कुकरा, सनगांव, एकलरा, भीलखेड़ा व जागीरदारपुरा के किसानों को फायदा मिलेगा। विभाग के अनुसार पुल का निर्माण कार्य 18 माह में पूरा किया जाएगा। हालांकि बैकवाटर भरने के बाद काम प्रभावित होगा लेकिन तब तक पिल्लर को खड़ा करने का लक्ष्य रखा है।
बैकवाटर कम होते ही होगा आगे का घाट निर्माण
घाट निर्माण समिति अध्यक्ष अजयसिंह ठाकुर ने कहा जन सहयोग से निर्मित मां नर्मदा जागीरदारपुरा घाट का निर्माण 100 मीटर लंबाई का हुआ है। बैकवाटर में कमी होते ही आगे तटीय क्षेत्र में निर्माण शुरू कराया जाएगा। समिति ने निर्माण सामग्री का संग्रहण शुरू कर दिया है। साथ ही नर्मदा भक्तों से जनसहयोग का आह्वान किया है। तीन बता दें कि राजघाट में साढ़े त दशक से हो रहे नर्मदा जन्मोत्सव का आयोजन इस बार इसी नए जागीरदारपुरा घाट पर किया था।
जानिए… कितनी ऊंचाई व कितना लंबा पुल बनेगा
एनवीडीए के एसडीओ आरएन जम्होरिया ने बताया कि 8 करोड़ रुपए की लागत से पुल का निर्माण किया जाएगा। इसका काम शुरू हो चुका है। यह पुल 141.65 मीटर की ऊंचाई पर बनाया जा रहा है। इसकी लंबाई 210 मीटर और चौड़ाई 7.50 मीटर की रहेगी। पुल में 15 मीटर की दूरी पर कुल 14 पिल्लर बनाए जाएंगे। कार्य में अब 7 पिल्लरों के लिए खुदाई का कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य पूरा कर पहले पिल्लर तैयार करने का काम किया जाएगा।
चंद महीने में जनसहयोग से तैयार किया घाट
राजघाट में बांध का बैकवाटर बढ़ने से पुराने घाट जलमग्न हैं। ऐसे में डूब के उच्च लेवल पर नर्मदा किनारे स्नान, पूजन, दर्शन के लिए घाट निर्माण समिति ने जनसहयोग से बैकवाटर के बीच जागीरदारपुरा घाट बनाने का बीड़ा उठाया। चंद महीने में घाट निर्माण किया गया। वर्तमान में वहां पर मलिक आश्रम, शिवजी, हनुमानजी मंदिर, गोशाला, मां नर्मदा की प्रतिमा स्थापित की है। संत निवास, परिक्रमावासियों के रुकने व भोजन की व्यवस्था हो रही है।










