रतलाम

जावरा-नयागांव फोरलेन हाईवे पर रुकेंगे अब हादसे, विभाग क्रॉसिंग पर लगाएगा रंबल स्ट्रिप्स

Jaora-Nayagaon Fourlane Highway: सड़क हादसे बड़ी चिंता का विषय हैं और इन्हें रोकने के लिए लोगों को जागरूक करने के साथ ही रफ्तार नियंत्रण व अन्य सुरक्षा इंतजाम जरूरी हैं। शुक्रवार को एमपीआरडीसी व टोल कंपनी अधिकारियों के साथ पुलिस व प्रशासनिक अफसरों ने जावरा-नयागांव फोरलेन का निरीक्षण किया। 4 ब्लैक स्पॉट व 5 क्रॉसिंग देखे। जहां रंबल स्ट्रिप्स, ब्लिंकर्स (कैट आई) लगाएंगे। वहीं थर्मोप्लास्ट से रोड मार्किंग एवं क्रॉस लाइनें बनाएंगे ताकि वाहन ड्राइवर अलर्ट हो जाएं और रफ्तार भी नियंत्रित कर लें।

जावरा क्षेत्र में फोरलेन पर हसनपालिया से लेकर माननखेड़ा तक चार चिह्नित ब्लैक स्पॉट हैं, जहां अक्सर हादसे होते हैं। इनमें हसनपालिया क्रॉसिंग, अरनियापीथा मंडी क्रॉसिंग, परवलिया और माननखेड़ा शामिल हैं। इनके अलावा भी कई ऐसे क्रॉसिंग हैं जो ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नित तो नहीं हैं लेकिन वहां हादसे होते रहते हैं। इनमें बड़ायला चौरासी क्रॉसिंग, नगर के सर्किट हाउस चौराहा, पिपलौदा रोड चौपाटी चौराहा, बस स्टैंड क्रॉसिंग, चूरूवाला दालमिल क्रॉसिंग, भीमाखेड़ी, भैंसाना फंटा व अन्य जगह हैं। इन सभी का एसडीएम सुनील जायसवाल, सीएसपी युवराज सिंह चौहान, एसडीओपी संदीप मालवीय, ट्रैफिक सूबेदार मोनिका सिंह चौहान ने एमपीआरडीसी एजीएम शिवानी चौहान तथा टोल कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर आर.एल. मेघवाल के साथ निरीक्षण किया। एसडीएम व सीएसपी ने टोल कंपनी व एमपीआरडीसी को निर्देश दिए कि वे जल्द क्रॉसिंग व ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा इंतजाम करें। जहां जरूरी है वहां संकेतक लगाएं और पुराने जो सुरक्षा उपकरण खराब हो गए, उन्हें रिप्लेस या रिपेयर भी करवाएं।

रफ्तार कम रखें, दाएं बाएं देखकर ही चलें

निरीक्षण के साथ ही अधिकारियों ने क्रॉसिंग वाले स्थानों पर वाहन चालकों को यातायात नियम पालन की समझाइश भी दी। ट्रैफिक सूबेदार मोनिका सिंह चौहान ने वाहन चालकों व खासकर लिंक रोड से आने वाले लोगों को समझाते हुए कहा कि वे क्रॉसिंग करते वक्त या लिंक रोड से मुख्य फोरलेन पर आते वक्त वाहनों की रफ्तार कम करें। साथ ही दाएं-बाएं देखने के के बाद जब कोई वाहन पास नहीं हो, तभी रोड पर आएं अथवा क्रॉसिंग करें। हेलमेट उपयोग करें।

Back to top button