रतलाम

Ratlam Weather: रतलाम जिले में बारिश बनी आफत, गेहूं की फसल हुई जमींदोज, सरकार देगी किसानों को मुआवजा

Rain Update Ratlam: मध्य प्रदेश राज्य के रतलाम जिले में पिछले दो दिनों से किसानों की फसलों पर बादल आफत बनकर बरस रहे हैं। जिले में हो रही बेमौसमी बारिश ने किसानों की गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। गुरुवार से शुरू हुआ बारिश का यह दौर शुक्रवार को दिनभर जारी रहा। जिससे रतलाम जिले के ग्रामीण क्षेत्र में फसलों को नुकसान हुआ है। गेहूं की फसल खेतों पर गिर गई है। कल दिनभर कभी तेज तो कभी हल्की बारिश हुई। इस दौरान घास बाजार सहित कई क्षेत्रों में नालियां जाम हो गईं। इससे पानी भरने से परेशानी हुई। इस पर निगम की टीम पहुंची और नालियों पर हो रहे पक्के अतिक्रमण को तोड़ा गया। दिनभर में करीब 14 मिमी बारिश दर्ज की गई। इससे तापमान में तेज गिरावट आई और अधिकतम तापमान 7.8 डिग्री लुढ़क गया और 21.2 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को बादल छाए रहेंगे।

बारिश से रतलाम शहर की नालियां हुई जाम, रहवासी परेशान

रतलाम जिले में शुक्रवार की सुबह 8 बजे से बारिश का दौर शुरू हो गया था। इसके साथ ही तेज हवा भी चली। आसपास के गांवों में गेहूं की फसलों को नुकसान हुआ। चूंकि अक्टूबर में बारिश हुई थी। इससे किसानों ने नवंबर में फसल लगाई थी। अभी गेहूं कच्चे होने से दाना नहीं बनेगा। वहीं जो पक गए उनमें कलर नहीं आएगा। किसान नेता देवेंद्रसिंह सेजावता ने बताया कि सर्वे कर किसानों को मुआवजा देना चाहिए ताकि किसानों की भरपाई हो सके।

इन गांवों में हुआ नुकसान

रतलाम जिले में गुरुवार को शुक्रवार से लगातार हो रही बारिश से जिले के सेजावता, घटला, भटूनी, जड़वासा, अमलेटा, मलवासा, हतनारा, रिंगनिया, बाजनखेड़ा गांव सहित कई अन्य क्षेत्रों में नुकसान हुआ। इन गांवों के किसानों ने अब सरकार से फसलों में हुए नुकसान की भरपाई हेतु मुआवजे की मांग शुरू कर दी है।

मोहन यादव सरकार कराएगी खराब हुई फसलों का सर्वे

प्रदेश में बेमौसमी बारिश से लगातार किसानों की फसलों को नुकसान हो रहा है। आंधी बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि ने विभिन्न जिलों में गैंहू की फसल के साथ-साथ अन्य फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। जिसको देखते हुए मध्य प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री कंसाना ने प्रदेश के किसानों को बारिश और ओलावृष्टि से हुए नुकसान की भरपाई हेतु सर्वे करने के आदेश जारी किए हैं। बता दें कि कल शुक्रवार को रतलाम जिले के किसानों की गेहूं की फसलों को भी आंधी और बारिश की वजह से काफी नुकसान पहुंचा है। जिसके बाद जिले में किसानों के नुकसान की भरपाई हेतु मुआवजा वितरित करने की मांग तेज हो गई है।

Related Articles

Back to top button