सीबीएसई 10वीं की परीक्षा दो बार होगी, पहली में नंबर कम आए तो मई में मिलेगा दोबारा मौका

CBSE Board Exam: पहली बार सीबीएसई की 10वीं बोर्ड की परीक्षा 2 बार होगी। यदि पहली परीक्षा में विद्यार्थियों को कम अंक आए तो वे दूसरी बार मई में भी परीक्षा दे सकेंगे। 10वीं की परीक्षा का पहला प्रश्न-पत्र गणित विषय का 17 फरवरी को होगा। जबकि 12वीं की परीक्षाएं 18 फरवरी से फिजिकल एजुकेशन विषय के साथ शुरू होंगी। जिले के 8 परीक्षा केंद्रों पर कुल 4,573 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इसमें 10वीं में 2,727 और 12वीं में 1,846 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा सुबह 10.30 बजे से शुरू होगी। परीक्षार्थियों को सुबह 10 बजे केंद्र पर पहुंचना होगा। शहर में 5, जावरा में 2 और आलोट में 1 परीक्षा केंद्र बनाया है।
सीबीएसई परीक्षा में इस बार नया क्या ?
10वीं बोर्ड की परीक्षा दो बार होगी। पहला सत्र फरवरी-मार्च में जबकि दूसरा सत्र मई में वैकल्पिक रहेगा, जिससे छात्र अपने अंकों में सुधार कर सकेंगे। विशेष रूप से उन विषयों में, जिनमें उन्हें अंकों में सुधार की आवश्यकता है। दोनों परीक्षाएं संपूर्ण वार्षिक सिलेबस के आधार पर होंगी। आंतरिक मूल्यांकन पूरे सत्र में केवल एक बार ही लिया जाएगा। पहली परीक्षा में उपस्थित होना अनिवार्य है। वे छात्र दूसरी परीक्षा में बैठ सकते हैं, जो अपने अंक बेहतर करना चाहते हैं या जिनके पहले सत्र में किसी विषय में कंपार्टमेंट आया है। यदि कोई छात्र पहले सत्र में 3 या अधिक विषयों में अनुपस्थित रहता है या अनुत्तीर्ण होता है तो वह दूसरी परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेगा। उसे अगले साल मुख्य परीक्षा में बैठना होगा।
मूल्यांकन प्रक्रिया को सटीक बनाने के लिए 10वीं के विज्ञान और सामाजिक विज्ञान के प्रश्न-पत्रों के लिए भी नई गाइडलाइन जारी की गई है। परीक्षार्थी अपनी मर्जी से कहीं भी किसी भी प्रश्न का उत्तर नहीं लिख सकेंगे। विज्ञान के पेपर में यदि भौतिकी (फिजिक्स) का उत्तर रसायन विज्ञान (केमिस्ट्री) के लिए निर्धारित सेक्शन में लिख दिया तो वह उत्तर सही होने के बावजूद जांचा नहीं जाएगा। सामाजिक विज्ञान को 4 भागों (इतिहास, भूगोल, राजनीति विज्ञान और अर्थशास्त्र) में विभाजित किया गया है। विद्यार्थियों को एक-एक सेक्शन क्रमवार पूरा हल करना होगा।
माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं की परीक्षा आज से, पहला पेपर उर्दू का
माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं की परीक्षा शुक्रवार से शुरू होगी। पहला प्रश्न-पत्र उर्दू विषय का होगा। 13 केंद्रों पर होने वाली परीक्षा में 399 स्टूडेंट शामिल होंगे। वहीं 12वीं की फिजिक्स और इकोनॉमी की परीक्षा भी होगी। 58 केंद्रों में होने वाली इस परीक्षा में 11,478 स्टूडेंट शामिल होंगे।
परीक्षा में मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक वस्तुएं वर्जित
डॉ. श्वेता विंचुरकर, डिस्ट्रिक्ट सीबीएसई सिटी को-ऑर्डिनेटर ने बताया कि सीबीएसई की परीक्षा 17 फरवरी से शुरू हो रही है। बच्चों को परीक्षा केंद्र जाने के दौरान सावधानी रखना होगी। केंद्र में मोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक वस्तुएं वर्जित रहेंगी। सिर्फ पारदर्शी पाउच में आवश्यक सामग्री लेकर जाएं। इसमें नीला पेन, पेंसिल, रबर, स्केल, ज्योमेट्री बॉक्स, एडमिट कार्ड, स्कूल आईडी होनी चाहिए। उत्तर पुस्तिका में रोल नंबर सही लिखें, सही प्रश्न-पत्र सेट अंकित करें। उत्तर निर्धारित सेक्शन में ही लिखें।
